A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. हाइब्रिड गांजे के साथ शख्स हुआ गिरफ्तार, थाईलैंड से आया था 2 करोड़ रुपये का माल

हाइब्रिड गांजे के साथ शख्स हुआ गिरफ्तार, थाईलैंड से आया था 2 करोड़ रुपये का माल

केरल के कोच्चि में कस्टम विभाग ने 2 करोड़ रुपये की हाइब्रिड गांजा जब्त कर वडुथला निवासी जकरिया टाइटस को गिरफ्तार किया। वह थाईलैंड से आए पार्सल को कूरियर ऑफिस से ले रहा था।

hybrid ganja, Kochi hybrid ganja seizure, 2 crore drug bust- India TV Hindi
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL कोच्चि में हाइब्रिड गांजे के साथ शख्स गिरफ्तार हुआ है।

कोच्चि: कस्टम विभाग ने केरल के कोच्चि में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ रुपये कीमत की हाइब्रिड गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम जकरिया टाइटस है, जो कोच्चि के वडुथला इलाके का रहने वाला है। कस्टम्स अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार को जकरिया को उस वक्त पकड़ा गया जब वह एक कूरियर सर्विस ऑफिस से एक पार्सल लेने पहुंचा था। यह पार्सल थाईलैंड से आया था। जांच के दौरान उसकी गाड़ी से करीब 2 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।

क्या होता है हाइब्रिड गांजा?

हाइब्रिड गांजा एक विशेष प्रकार का गांजा होता है, जो अलग-अलग प्रजातियों के गांजे को मिलाकर तैयार किया जाता है। इसे खास तकनीकों से उगाया जाता है ताकि इसका नशा और प्रभाव ज्यादा हो। यह सामान्य गांजे से ज्यादा खतरनाक और महंगा होता है, जिसकी वजह से नशे के कारोबार में इसकी मांग बढ़ रही है। कस्टम्स अधिकारियों को शक है कि जकरिया कोच्चि में नशे के कारोबार में सक्रिय है और एक बड़ा ड्रग पैडलर हो सकता है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। कस्टम विभाग अब उसके कोच्चि और आसपास के इलाकों में नेटवर्क और गतिविधियों की जांच कर रही है।

गांजा तस्करी में हुआ भारी इजाफा

एक कस्टम्स अधिकारी ने बताया कि हाल के महीनों में कोच्चि में थाईलैंड से आने वाले हाइब्रिड गांजा की तस्करी में तेजी देखी गई है। इस तरह की तस्करी पर नजर रखने के लिए कस्टम्स ने अपनी निगरानी और सख्त कर दी है। जकरिया को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उसकी रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कस्टम्स विभाग इस मामले में और गहराई से जांच कर रहा है ताकि इस तस्करी के पीछे का पूरा नेटवर्क सामने आ सके। कोच्चि में नशे की तस्करी के खिलाफ कस्टम्स और अन्य एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। (PTI)

Latest Crime News