1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शराब की दुकान के बाहर बी फार्मा छात्र की हत्या का LIVE CCTV, 5 हमलावरों ने घेरकर पत्थरों और चाकू से किया हमला

शराब की दुकान के बाहर बी फार्मा छात्र की हत्या का LIVE CCTV, 5 हमलावरों ने घेरकर पत्थरों और चाकू से किया हमला

बी फार्मा के छात्र को 5 हमलावरों ने मिलकर पीटा। इससे छात्र की मौत हो गई। हमलावरों ने पत्थरों और चाकू से हमला किया था। पुलिस की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बी फार्मा छात्र की हत्या- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बी फार्मा छात्र की हत्या

उत्तर प्रदेश के ललितपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र के चौकाबाग में बी फार्मा छात्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पांच हमलावर युवक को घेरकर उस पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि पहले युवक पर पत्थरों से हमला किया गया। इसके बाद चाकू से वार किए गए। युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भूपेंद्र उर्फ छोटू के रूप में हुई है। वह मसौरा का रहने वाला था। वर्तमान में पटेल नगर में रह रहा था। बताया गया है कि वह बी फार्मा की पढ़ाई कर रहा था।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

चौकाबाग स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर हुई वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक भूपेंद्र को घेर लेते हैं और उसके साथ मारपीट शुरू कर देते हैं। इस दौरान उस पर पत्थरों से हमला किया जाता है, जिससे वह सड़क पर गिर जाता है। एक-एक कर हमलावर उस पर वार करते रहते है। छात्र खुद को बचाने की कोशिश करता है।

चाकू से किया गया हमला

तभी हमलावरों में से एक युवक चाकू निकालकर उस पर लगातार वार करता दिखाई देता है। हमले में भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल बताए जा रहे चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी

पुलिस CCTV फुटेज के साथ-साथ अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आकाश राठौर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

ढोंगी बाबा ने नाबालिग के साथ किया रेप, मेडिकल जांच में प्रेग्नेंट पाई गई पीड़िता, मचा हड़कंप

Latest Crime News