1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. कन्हैया नगर में शराब के ठेके के बाहर खूनी वारदात, चाकू से हमला; एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

कन्हैया नगर में शराब के ठेके के बाहर खूनी वारदात, चाकू से हमला; एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Sep 16, 2026 10:48 am IST,  Updated : Sep 16, 2026 11:33 am IST

कन्हैया नगर में शराब के ठेके के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। वारदात में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

liquor shop knife attack- India TV Hindi
दिल्ली में शराब के ठेके के बाहर खूनी वारदात Image Source : REPORTER INPUT

केशव पुरम थाना क्षेत्र के कन्हैया नगर में शराब के ठेके के बाहर दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। यहां जानिए आखिर क्या है मामला। 

बीड़ी देने से इनकार पर विवाद

मृतक की पहचान भवानी प्रसाद के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक आसाराम बताया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। आसाराम का अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, भवानी प्रसाद और आसाराम दिल्ली के कन्हैया नगर में शराब के ठेके के पास मौजूद थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने भवानी से बीड़ी मांगी। आरोप है कि भवानी ने बीड़ी देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हो गया। 

दोनों युवकों पर चाकू से हमला

आरोपियों ने भवानी और आसाराम पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में भवानी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आसाराम को भी चाकू लगे। हालांकि, पुलिस की जांच में हमले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर अभी सामने आना बाकी है।

बीट स्टाफ ने पहुंचाया अस्पताल

वारदात की सूचना मिलते ही कन्हैया नगर का बीट स्टाफ पेट्रोलिंग के दौरान मौके पर पहुंचा। बलराम चोपड़ा और मनोज गोस्वामी ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोगों से मदद मांगी गई, लेकिन कोई आगे नहीं आया। इसके बाद बीट स्टाफ ने खुद ऑटो रुकवाकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने भवानी प्रसाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि आसाराम का इलाज जारी है।

आरोपी फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।  पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। फिलहाल केशव पुरम थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि माचिस देने से इनकार करने को लेकर शुरू हुआ विवाद किस तरह खूनी हमले में बदल गया और वारदात में कितने आरोपी शामिल थे।

ये भी पढ़ेंः Gurugram Hit And Run Case, टक्कर मारने से पहले कल्याण बैंसला ने सिया पर की थी अभद्र टिप्पणी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।