बस स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन तक दिवाली और छठ के त्योहार पर घर जाने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा है। चारों तरफ लोगों की भीड़ ही भीड़ नजर आ रही है। रेलवे स्टेशन पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। ट्रेनों में कन्फर्म बर्थ मौजूद नहीं है। लंबी-लंबी वेटिंग लिस्ट है। ऐसे में लोग जनरल में खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं। दिवाली और छठ पूजा को लेकर सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली और मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर लगी है। त्योहार के चलते मुंबई से बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ है। घंटों लाइन में लगकर लोग ट्रेन में अपनी सीट तक पहुंच रहे हैं।
मुंबई में रेलवे स्टेशन पर देर रात से ही लग गईं लंबी कतारें
मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल रेलवे स्टेशन पर देर रात से ही लोगों की लंबी कतारें लग गई थीं। ऐसे में भीड़ को कंट्रोल करने के लिए अलग-अलग जगहों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। प्लेटफॉर्म पर क्राउड मैनेज करने के लिए RPF की तैनाती बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही कंट्रोल रूम से हर मुवमेंट की CCTV और AI कैमरे से निगरानी की जा रही है।
रेलवे ने चलाईं दर्जनों नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें
वहीं, दिवाली और छठ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। हर साल की तरह इस बार भी ट्रेनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली, आनंद विहार और आसपास के प्रमुख शहरों से गोरखपुर, छपरा, हावड़ा, पटना और दरभंगा जैसे रूटों के लिए दर्जनों नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है, जिससे लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। भीड़ को लेकर शहर-शहर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड और संदिग्ध इलाकों की चेकिंग की जा रही है। प्रयागराज में भी त्योहारों को देखते हुए RPF और GRP ने रेलवे स्टेशन पर सघन सुरक्षा जांच की।
त्योहार के चलते दिल्ली-NCR की सड़कों पर भी जाम
त्योहारी सीजन में दिल्ली-NCR की सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिल रही है। गाड़ियां सड़कों पर रेंगती नजर आ रही हैं। ट्रैफिक की वजह से आने-जाने वाले लोग परेशान हैं और इसकी बड़ी वजह दिवाली की खरीदारी मानी जा रही है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम की कई सड़कों पर देर रात ट्रैफिक जाम देखा गया। उधर, करनाल बाईपास रोड पर घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे। सेंट्रल दिल्ली में रेड लाइट पर गाड़ियां करीब 30 मिनट तक फंसी रहीं। तीन मूर्ति मार्ग और कुशक रोड पर भी ट्रैफिक लगभग 20 मिनट तक धीमा रहा, जबकि धौला कुआं की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी जाम देखने को मिला।