ओडिशा के गंजाम जिले के ब्रह्मपुर में आत्मदाह की कोशिश करने वाली युवती के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। युवती ने अपने पिता पर लंबे समय तक यौन शोषण, ब्लैकमेल और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है। मामले की जांच अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, युवती ने अपने बयान में बताया कि उसके पिता लगातार उसका यौन शोषण करते रहे। इतना ही नहीं, उन्होंने उस पर दूसरे लोगों के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने की कोशिश की। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने इस पूरे मामले का विरोध किया तो उसके पिता ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
चैटिंग के आधार पर किया गिरफ्तार
इस मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक जेना ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान युवती और उसके पिता के बीच हुई चैट, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। इन्हीं सबूतों के आधार पर आरोपी पिता को गिरफ्तार किया गया। एएसपी आलोक जेना ने कहा कि जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। अगर उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलते हैं तो आगे और गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं।
पिता ने अपने पास रख लिए शैक्षणिक प्रमाण पत्र
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिता ने अपनी बेटी के शैक्षणिक प्रमाण पत्र अपने पास रख लिए थे। आरोप है कि जब युवती ने पूरे मामले का खुलासा करने की कोशिश की तो उसके पिता ने उसे रोकने के लिए उसके दस्तावेज अपने कब्जे में रखे। निमाखंडी थाना पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह केस 9 जुलाई 2026 की शाम को दर्ज किया गया था।
पीड़िता ने ससुराल में खुद को लगा ली आग
जांच में यह भी पता चला कि पीड़िता की शादी वर्ष 2025 में हुई थी। शादी के करीब छह महीने बाद उसने सोशल मीडिया पर अपने पिता पर यौन शोषण और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद उसके वैवाहिक जीवन में विवाद शुरू हो गया और वह अपने ससुराल से अलग हो गई। 9 जुलाई की सुबह युवती दोबारा अपने ससुराल पहुंची। वहां उसने घर की छत पर खुद को बंद कर लिया और पेट्रोल डालकर आग लगा ली। उसके देवर ने समय रहते उसे बचाया और इलाज के लिए पहले एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, ब्रह्मपुर में भर्ती कराया। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे भुवनेश्वर स्थित सम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ब्लैकमेलिंग और यौन शोषण का आरोप
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी के दो मोबाइल फोन और पीड़िता का एक मोबाइल फोन जब्त किया है। इनकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि शादी से पहले आरोपी ने पीड़िता के ससुर से 10 लाख रुपये लिए थे। जब युवती ने इस रकम को लौटाने की मांग की तो आरोपी ने कथित तौर पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पुलिस का मानना है कि लगातार यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना के कारण ही युवती ने आत्मदाह जैसा कदम उठाया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
जांच के दौरान आरोपी का फोरेंसिक मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। वैज्ञानिक टीम ने पीड़िता के ससुराल पहुंचकर घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं। फिलहाल युवती की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वह अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
बेंगलुरु में दिखा तेंदुआ, सड़क पर खुलेआम चक्कर लगाता नजर आया; CCTV में कैद हुई मूवमेंट
Latest Crime News