उत्तर प्रदेश के बरेली में यूपी पुलिस में तैनात सिरौली थाने में एक सब-इंस्पेक्टर पर युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपी सब-इंस्पेक्टर पर महिला ने शादी और नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। इस आरोप के बाद पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर को सस्पेंड करने के साथ महिला की शिकायत दर्ज कर ली है। आरोपी के खिलाफ महिला ने 7 जुलाई वरिष्ठ अधिकारी को इसकी जानकारी दी थी, जिसके साथ ही शिकायत दर्ज होने के दौरान उस महिला ने अपने आरोपों के साथ कुछ सबूत भी दिए, जिसमें आरोपी सब-इंस्पेक्टर के साथ उसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो शामिल हैं।
अपनी पत्नी को तलाक देकर विवाह करने का किया था वादा
बरेली में सामने आए इस मामले में आरोपी सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ महिला ने जो शिकायत दर्ज कराई है उसके अनुसार एसएसपी अनुराग आर्य से उनके कार्यालय में मुलाकात कर दावा किया कि वह सिरौली थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर नरेश बाबू की दूसरी पत्नी है। महिला ने बताया कि साल 2022 से पति के साथ विवाद के कारण वह अलग रह रही है। साल 2025 में पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए वह बारादरी थाने गई थी, जहां उसकी मुलाकात उस समय वहां तैनात सब-इंस्पेक्टर नरेश बाबू से हुई। महिला के अनुसार सब-इंस्पेक्टर ने उसकी शिकायत सुनने के बाद मदद का भरोसा दिलाया। उसने दावा किया कि पुलिस विभाग में उसका अच्छा प्रभाव है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से सीधे संबंध होने के कारण वह उसे नौकरी दिला सकता है। महिला का आरोप है कि सब-इंस्पेक्टर ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे विवाह करने का भी वादा किया। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद सब-इंस्पेक्टर उसके संपर्क में रहा और उसके घर आने-जाने लगा। इस दौरान उसने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
बेटे की शादी हवाला देकर आठ लाख रुपये के सोने के आभूषण लिए
सब-इंस्पेक्टर को लेकर महिला ने ये भी आरोप लगाया कि पिछले साल करवा चौथ के बाद वह उसके घर में ही रहने लगा। फरवरी 2026 में सब-इंस्पेक्टर ने अपने बेटे की शादी का हवाला देकर उससे लगभग आठ लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण ले लिए, वहीं बाद में जब उसने आभूषण वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगा और दबाव बनाने पर उसे धमकाने लगा। इस मामले में मिली शिकायत को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्रारंभिक जांच के आधार पर सिरौली थाने के सब-इंस्पेक्टर नरेश बाबू को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विभागीय जांच पुलिस अधीक्षक साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी गई है। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें
ओवरटाइम में शराब नहीं मिली तो काट दी ठेके की बिजली, CCTV फुटेज आया सामने; जांच में जुटी पुलिस