1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 10 करोड़ बैरल तेल और डीजल जारी करने पर सहमत हुए G7 देश, डोनाल्ड ट्रंप ने ली राहत की सांस

10 करोड़ बैरल तेल और डीजल जारी करने पर सहमत हुए G7 देश, डोनाल्ड ट्रंप ने ली राहत की सांस

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 03, 2026 11:38 am IST,  Updated : Oct 03, 2026 11:38 am IST

ईरान युद्ध और व्यापारिक टकरावों के कारण अमेरिका में तेल और अन्य वस्तुओं की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिससे ट्रंप की लोकप्रियता रेटिंग में गिरावट देखी जा रही है।

G7, diesel, oil reserves, donald trump, europe- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप Image Source : AP

7 प्रमुख औद्योगिक देशों के संगठन G7 ने अपने रणनीतिक भंडार से 10 करोड़ बैरल तेल जारी करने पर सहमति जताई है। इसकी शुरुआत बड़े पैमाने पर डीजल जारी करने से होगी। ये कदम अमेरिका में ईंधन की कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद उठाया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि डीजल जारी करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू होगी। 

डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी पर भारी दबाव

नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी पर बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने का भारी दबाव है। ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा, ''यूरोप अपने भारी भंडार वाले डीजल की एक बड़ी मात्रा जारी करने पर सहमत हो गया है। ये प्रक्रिया तत्काल शुरू होगी।'' 

गैस और ईंधन की कीमतों में जोरदार बढ़ोतरी

ईरान युद्ध और व्यापारिक टकरावों के कारण अमेरिका में तेल और अन्य वस्तुओं की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिससे ट्रंप की लोकप्रियता रेटिंग में गिरावट देखी जा रही है। 8 महीने से जारी इस युद्ध के दौरान अमेरिका और अन्य देशों में गैस और ईंधन की कीमतें आसमान पर पहुंच गई हैं। हालांकि, ट्रंप बार-बार कहते रहे हैं कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए ये कीमत चुकाना जायज है। उनका दावा रहा है कि युद्ध समाप्त होने के बाद कीमतें नीचे आ जाएंगी, हालांकि इस युद्ध का कोई अंत नजर नहीं आ रहा है। 

शुक्रवार को 6.37 डॉलर पर पहुंचा 1 गैलन डीजल का भाव

अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (AAA) के अनुसार अमेरिका में एक गैलन डीजल की औसत कीमत 22 सितंबर को 6.52 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद शुक्रवार को 6.37 डॉलर रहा। अमेरिका स्थित फ्रांसीसी दूतावास के अनुसार ट्रंप ने बढ़ती ईंधन कीमतों और पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पर G7 के अध्यक्ष और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से रात में चर्चा की थी। इसके बाद मैक्रों ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये G7 नेताओं की एक बैठक की अध्यक्षता की। 

बड़े पैमाने पर डीजल जारी करेंगे G7 के सदस्य देश

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ईंधन की बढ़ती कीमतों से निपटने के इस प्रयास का समन्वय करेगी। फ्रांस ने बयान में कहा, ''हम IEA के जरिए 10 करोड़ बैरल तेल जारी करने की अपनी प्रतिबद्धताओं को तत्काल लागू करेंगे, जो चार महीनों तक चलेगा। इसके तहत G7 सदस्य और साझेदार देश पहले 20 दिनों के भीतर बड़े पैमाने पर डीजल जारी करेंगे।'' एपी-एनओआरसी के एक नए सर्वेक्षण में पाया गया कि ज्यादातर अमेरिकी बढ़ती कीमतों के लिए ट्रंप को जिम्मेदार मानते हैं, और अर्थव्यवस्था के प्रबंधन को लेकर उनकी लोकप्रियता रेटिंग नए निचले स्तर पर पहुंच गई है।

ये भी पढ़ें

भारतीय पायलट स्मित मच्छार को ₹1,00,00,000 की सम्मान राशि देगा मैनकाइंड फार्मा, कंपनी बोली- आपने भारत का मान बढ़ाया है

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।