1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जागेश के प्यार में महताब बनीं ममता, हिंदू रीति-रिवाज से किया विवाह; धर्म बदलने की वजह भी बताई

जागेश के प्यार में महताब बनीं ममता, हिंदू रीति-रिवाज से किया विवाह; धर्म बदलने की वजह भी बताई

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 02, 2026 11:14 pm IST,  Updated : Oct 02, 2026 11:14 pm IST

रामपुर की रहने वाली महताब नामक मुस्लिम युवती ने हिंदू धर्म अपनाकर अपने प्रेमी जागेश पुरी से शादी कर ली है। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई है।

Bareilly hindu muslim marriage- India TV Hindi
हिंदू प्रेमी के प्यार में महताब ने सनातन धर्म अपनाया। Image Source : REPORTERS INPUT

यूपी के बरेली में रामपुर की रहने वाली महताब ने अपनी मर्जी से सनातन धर्म अपनाकर मुरादाबाद के जागेशपुरी से हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। धर्म परिवर्तन और विवाह के बाद युवती का नया नाम ममता रखा गया। युवती का कहना है कि उसने यह फैसला अपनी इच्छा से लिया है और अब वह अपने पति के साथ ही पूरी जिंदगी बिताना चाहती है।

अपनी मर्जी से अपनाया सनातन धर्म

ममता ने कहा कि मुझे अब अपने घर वापस नहीं जाना है। मैंने अपनी मर्जी से सनातन धर्म अपनाया और शादी की है। अब मैं इन्हीं के साथ पूरी जिंदगी रहूंगी। युवती के मुताबिक, उसने किसी डर, दबाव या लालच में यह फैसला नहीं लिया है। युवती का कहना है हलाला और तीन तलाक से डर लगता था। हिंदू धर्म अच्छा लगता है।

ममता ने सुनाई जागेश से प्रेम की कहानी

दरअसल, रामपुर के शाहबाद इलाके के गांव जटपुरा निवासी महताब ने बताया कि करीब चार साल पहले जागेश पुरी उसके गांव में सरिया और पुल निर्माण से जुड़े काम के लिए मजदूरी करने आया था। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई। पहले दोनों के बीच बातचीत हुई और धीरे-धीरे यह बातचीत प्रेम संबंध में बदल गई।

शादी के लिए नहीं राजी थे लड़की के परिजन

ममता का कहना है कि दोनों के बीच करीब चार साल तक प्रेम संबंध रहा। इसके बाद उसने ही जागेशपुरी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। जागेशपुरी भी शादी के लिए तैयार हो गया। दोनों ने परिवार की सहमति से शादी करने की कोशिश की, लेकिन युवती के परिजनों ने इस रिश्ते को मंजूरी नहीं दी। परिवार की नाराजगी के बाद दोनों ने अपनी मर्जी से घर छोड़कर साथ रहने और शादी करने का फैसला किया। युवती का कहना है कि वह अब अपने पति के साथ रहना चाहती है और घर वापस जाने का उसका कोई इरादा नहीं है।

मुरादाबाद का रहने वाला है ममता का प्रेमी

ममता ने बताया कि वह आठवीं कक्षा तक पढ़ी है। उसके अब्बू का नाम कासिम है। उसकी अम्मी का पहले ही इंतकाल हो चुका है। परिवार में तीन भाई और तीन बहनें हैं। वहीं, जागेश पुरी मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना इलाके के रोंडा गांव का रहने वाला है। उसके पिता सोन पुरी खेती-किसानी करते हैं।

हिंदू रीति-रिवाज से कराई गई शादी

विवाह से पहले हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार युवती का शुद्धिकरण कराया गया। ममता ने बताया कि भगवान शिव में उसकी पहले से आस्था रही है और वह करीब पांच साल से सनातन धर्म के प्रति प्रभावित थी। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया। इससे पहले एक मामले में शादी के 14 दिन बाद दुल्हन पति को छोड़ मायके पहुंच गई थी। वह बोली थी कि बॉयफ्रेंड को नहीं छोड़ सकती हूं।

(इनपुट- विकास साहनी)

ये भी पढ़ें- शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, तभी आ गया पति, युवक की लाठी-डंडों से पीटकर कर दी हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।