1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी के 14 दिन बाद पति को छोड़ मायके पहुंची दुल्हन, बोली- ''बॉयफ्रेंड को नहीं छोड़ सकती''

शादी के 14 दिन बाद पति को छोड़ मायके पहुंची दुल्हन, बोली- ''बॉयफ्रेंड को नहीं छोड़ सकती''

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Sep 18, 2026 11:21 pm IST,  Updated : Sep 18, 2026 11:30 pm IST

गाजियाबाद में एक महिला ने शादी के 14 दिन बाद ही पति से रिश्ता खत्म कर मायके पहुंच गई। पति का आरोप है कि वह अपने प्रेमी के लिए गई है। पति ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

पति के साथ रानी। - India TV Hindi
पति के साथ रानी। Image Source : REPORTER

गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में शादी के 14 दिन बाद पत्नी के मायके चले जाने को लेकर पति ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। पति का आरोप है कि शादी के करीब एक सप्ताह बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के बारे में बताया और उसके साथ संबंध खत्म करने से इनकार कर दिया। परिवार को इसकी जानकारी देने के बाद विवाद हुआ। अब पति का आरोप है कि पत्नी और उसके परिजन एक लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और रकम नहीं देने पर परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।

11 जुलाई को हुई थी शादी

वैशाली निवासी अभिनव खंडेलवाल पानी सप्लाई का काम करते हैं। उनकी मां निशा खंडेलवाल ई-रिक्शा चलवाती हैं, जबकि पिता संजय खंडेलवाल प्राइवेट नौकरी करते हैं। अभिनव ने बताया कि मई 2026 में पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने पानीपत निवासी रानी का रिश्ता बताया था। दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हुआ और 11 जुलाई को कौशांबी क्षेत्र में शादी हुई। अभिनव का कहना है कि रानी के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, इसलिए शादी में कोई लेन-देन नहीं हुआ। शादी का पूरा खर्च उनके परिवार ने उठाया और करीब चार लाख रुपये खर्च हुए।

प्रेमी से बात करते हुए पति ने पकड़ा

अभिनव ने बताया कि शादी के करीब सात दिन बाद उन्होंने पत्नी को मोबाइल पर एक युवक से बात करते देखा। पूछने पर रानी ने उसे अपना प्रेमी बताया। अभिनव के अनुसार, उसने पत्नी को समझाया लेकिन रानी ने प्रेमी को छोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद उसने अपनी मां और पत्नी के परिवार को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि बातचीत के दौरान रानी ने अभिनव के माता-पिता से गाली-गलौज की और उन्हें घर से निकल जाने को कहा। पति का आरोप है कि पत्नी ने उससे भी संबंध जारी रखने से इनकार कर दिया।

पहले भागने का कर चुकी थी प्रयास

अभिनव के अनुसार रानी ने राजस्थान के एक धार्मिक स्थल से भी भागने का प्रयास किया था। बाद में गाजियाबाद स्थित ससुराल आने पर उसने हाथ की नस काटने और गैस सिलेंडर से आग लगाने की धमकी दी। हंगामा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अभिनव का कहना है कि उस दौरान रानी ने उसके साथ नहीं रहने और प्रेमी को नहीं छोड़ने की बात कही। इसके बाद 28 जुलाई को वह मायके चली गई। अभिनव ने आरोप लगाया कि पत्नी के भाइयों ने उसके साथ मारपीट भी की।

अभिनव की मां निशा खंडेलवाल ने बताया कि बहू के प्रेम संबंध की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उसके परिवारवालों को फोन पर इसकी जानकारी दी थी। निशा का आरोप है कि इसके बाद उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को जेल भिजवाने की धमकियां मिलने लगीं। उनका कहना है कि बहू पहले नस काटने और घर में आग लगाने की धमकी देती थी। अब एक लाख रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। मामले में अभिनव ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। ये मामला पानीपत पुलिस के पास भी पहुंचा था। जहां पुलिस ने पति पत्नी दोनों को मिडिएशन के लिए भी बुलाया था। इससे पहले हापुड़ में एक युवती ने अपनी असली पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए शादी की और फिर घर से नकदी व गहने समेटकर फरार हो गई।

रिपोर्टः जुबैर अख्तर

ये भी पढ़ेंः नोएडा के फूड आउटलेट्स में मिले फंगस, चूहे और एक्सपायर्ड नॉनवेज! लखनऊ और गोरखपुर में भी खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।