1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा के फूड आउटलेट्स में मिले फंगस, चूहे और एक्सपायर्ड नॉनवेज! लखनऊ और गोरखपुर में भी खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन

नोएडा के फूड आउटलेट्स में मिले फंगस, चूहे और एक्सपायर्ड नॉनवेज! लखनऊ और गोरखपुर में भी खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन

 Reported By: Vishal Singh,  Written By: Mangal Yadav
 Published : Sep 18, 2026 08:50 pm IST,  Updated : Sep 18, 2026 09:31 pm IST

यूपी के कई शहरों में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई फूड आउटलेट्स पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कई जगहों पर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में कमियां सामने आईं। नोएडा में तो 13 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं।

 फूड आउटलेट्स पर मिले खराब खाद्य पदार्थ- India TV Hindi
फूड आउटलेट्स पर मिले खराब खाद्य पदार्थ Image Source : REPORTER

लखनऊ। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार की प्राथमिकता के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने फास्ट फूड चेन, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की। लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर में कुल 152 टीमों ने 233 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आई कमियों पर 163 सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस निलंबित करते हुए खाद्य प्रतिष्ठान को बंद कराया गया।

लखनऊ में 78 प्रतिष्ठानों की जांच

लखनऊ में 52 टीमों ने 78 फूड कोर्ट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां 42 सुधार नोटिस जारी किए गए। विभागीय जांच में कई स्थानों पर खाद्य पदार्थों के रखरखाव, स्वच्छता, कच्चे और पके भोजन के अलग-अलग भंडारण तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में कमियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान सबवे, शालीमार गेटवे, आलमबाग में पर्याप्त ड्रेनेज व्यवस्था और हाइजीन/सैनेटरी कंडीशंस संतोषजनक नहीं पाई गईं।

परिसर में Rodent Infestation तथा खाद्य पदार्थों के Contamination की स्थिति सामने आने पर प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार बंद कराया गया। गोली वड़ा पाव, आर्क बलेनो में Rodent की उपस्थिति, अस्वच्छ परिस्थितियां तथा दीवारों और खाद्य पदार्थों में फंगस पाए जाने पर प्रतिष्ठान को बंद कराए जाने की संस्तुति की गई। वहीं बीकानेरवाला, फन मॉल में खाद्य पदार्थों में फंगस, परिसर में Rodent, दुर्गंध, ग्रेवी कॉन्टेमिनेशन और वाटर लॉगिंग जैसी गंभीर कमियां मिलीं। इसके चलते प्रतिष्ठान बंद कराया गया तथा उसकी अनुज्ञप्ति निलंबित की गई।

नोएडा में रसोई की बदहाली उजागर

नोएडा में 57 टीमों ने 71 प्रतिष्ठानों की जांच की और 42 सुधार नोटिस जारी किए। कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियां पाई गईं। विभाग के अनुसार, कुछ रसोइयों में फंगस, चूहों की मौजूदगी, गंदगी, एक्सपायर्ड नॉनवेज और अस्वच्छ परिस्थितियां सामने आईं। जांच में मोती महल डिलक्स, निहाऊ, पंजाबी ढाबा-61, कैसल बारबेक्यू, रोड हाउस, पैडी हॉस्पिटैलिटी/रोलिंग फ्रेश, द येलो चिली, मिनिस्ट्री ऑफ दारू, टेस्ट ऑफ दिल्ली एवं जायका, ईट क्लब, एब्सोल्यूट बारबेक्यूज, कार्निवल फूड डिलाइट और येलो चिली रेस्टोरेंट समेत 13 प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के गलत तापमान पर रखे जाने, कच्चे और पके भोजन के साथ-साथ रखे जाने, गंदे बर्तन, अस्वच्छ रसोई, कीट नियंत्रण की कमी, एक्सपायर्ड सामग्री और खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण जैसी कमियां दर्ज की गईं।

गोरखपुर में 84 प्रतिष्ठानों पर जांच

गोरखपुर में 43 टीमों ने 84 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां 79 सुधार नोटिस जारी किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए समय दिया जाएगा। निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं होने पर लाइसेंस निलंबन, निरस्तीकरण और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण, वैध लाइसेंस, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल और निर्धारित तापमान पर खाद्य पदार्थों के रखरखाव के निर्देश दिए हैं। विभाग ने कहा है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इससे पहले गाजियाबाद में काले कारोबार का खुलासा हुआ था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली काली मिर्च बनाने का कारखाने से लाखों का माल जब्त किया है।

ये भी पढ़ेंः यूपी में डीएम ने क्लर्क को बना दिया चपरासी, 5 साल से कर रहा था नौकरी, तीन बार कंप्यूटर पर हिंदी टाइपिंग टेस्ट पास नहीं कर पाया

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।