भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल का कहना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही यह सीरीज अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए बहुत काम आएगी। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड का मौसम और पिचें वैसी ही हैं जैसी वर्ल्ड कप के दौरान मिलेंगी, जिससे टीम को टूर्नामेंट से पहले खुद को अच्छी तरह तैयार करने का शानदार मौका मिल रहा है। कप्तान गिल ने ये बयान न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच से पहले दिया है।
न्यूजीलैंड सीरीज से भारत को ODI वर्ल्ड कप में मिलेगा फायदा
बीसीसीआई की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी वीडियो में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा है कि वर्ल्ड कप से पहले नवंबर में न्यूजीलैंड में खेलना टीम के लिए बहुत फायदेमंद रहेगा, क्योंकि वहां का मौसम और पिचें वैसी ही हैं जैसी वर्ल्ड कप के दौरान मिलेंगी। उन्होंने बताया कि आमतौर पर भारतीय टीम इन देशों का दौरा दिसंबर-जनवरी में करती है, लेकिन इस बार समय सही होने से टीम को आगामी विश्व कप की तैयारी करने में बहुत मदद मिलेगी।
पहला वनडे में भारत को मिली जीत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत ने ऑकलैंड में जीत हासिल की थी। यह मुकाबला बारिश की वजह से प्रभावित रहा था, जिसके बाद डीएलएस नियम के तहत मिले 143 रन के लक्ष्य को भारत ने आसानी से पूरा करके सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मैच शनिवार को वेलिंगटन में खेला जाएगा। लेकिन इस मैच पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा है, जिससे एक बार फिर खेल में रुकावट आ सकती है।
क्यों न्यूजीलैंड पहले पहुंचे थे शुभमन गिल?
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि वह बाकी टीम के आने से पहले ही न्यूजीलैंड पहुंच गए थे ताकि वे अपनी बल्लेबाजी पर अच्छे से अभ्यास कर सकें। उन्होंने खासतौर पर रेड बॉल से प्रैक्टिस की, क्योंकि उन्होंने न्यूजीलैंड में ज्यादा टेस्ट मैच नहीं खेले हैं। गिल ने कहा कि वे टीम से जुड़ने से पहले 4-5 एक्सट्रा प्रैक्टिस सेशन करना चाहते थे ताकि यह समझ सकें कि वहां की पिचों पर लाल गेंद कैसे काम करती है। वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमें दो मैचों की टेस्ट सीरीज में आमने-सामने होंगी।
यह भी पढ़ें
2027 वर्ल्ड कप से पहले हैरी ब्रूक का बड़ा ऐलान, इंग्लैंड को बनाना चाहते हैं दुनिया की सबसे मजबूत टीम