ओमान में अंडर-19 एशिया कप के तहत आज भारत और नेपाल के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें भारतीय टीम ने नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 129 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट खोए 19.1 ओवर में ही आसानी से हासिल कर लिया। इस शानदार जीत में भारत के सलामी बल्लेबाजों आर्यवीर सहवाग (70 रन) और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (53 रन) ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
आर्यवीर सहवाग ने लगाए 11 चौके-छक्के
इस मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने नेपाली गेंदबाजों की जमकर पिटाई की और मैदान के चारों तरफ शानदार शॉट लगाए। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी उनका पूरा साथ निभाया। आर्यवीर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 34 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया, जबकि कप्तान लक्ष्य ने भी संभलकर खेलते हुए 59 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। पारी के अंत तक दोनों खिलाड़ी आउट नहीं हुए और टीम को आसानी से जिताकर ही मैदान से लौटे। कप्तान लक्ष्य ने 63 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 53 रन बनाए। वहीं वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने अपने पिता के अंदाज में ही आक्रामक रुख अपनाते हुए मात्र 52 गेंदों पर 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से शानदार 70 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में कुल 11 चौके-छक्के लगाए।
ईशान सूद ने झटके 3-3 विकेट
मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की शुरुआत की और नेपाल के शुरुआती दो विकेट सिर्फ 5 ओवरों में ही गिरा दिए। दोनों विकेट ईशान सूद ने झटके। इसके बाद भी भारतीय गेंदबाजों ने अपनी कसी हुई गेंदबाजी जारी रखी और 9 ओवर तक नेपाल के 3 विकेट 27 रन पर ही गिरा दिए, तीसरा विकेट भी ईशान सूद को ही मिला। नेपाल की तरफ से नीरज कुमार यादव 20 रन बनाकर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए, जिन्हें मनल चौहान ने आउट किया। इसके बाद दर्श सुनार और आशीष लुहार ने मिलकर स्कोर को 94 रन तक पहुंचाया। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाते हुए नेपाल की पूरी टीम को 42.3 ओवर में सिर्फ 128 रनों पर ही ऑल आउट कर दिया। भारत की तरफ से ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने 3-3 विकेट लिए, जबकि यशवीर गौड को 2 और मनल चौहान-काव्य पटेल को 1-1 विकेट मिला। नेपाल के लिए दर्श सुनार ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए।
यह भी पढ़ें
क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ी को लगी भयंकर चोट, स्ट्रेचर पर ले जाया गया मैदान से बाहर
फ्री में कैसे देखें भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे लाइव, ये है सबसे आसान तरीका