उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का हिट एंड रन का मामला सामने आया है। सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार कॉलोनी स्थित सीएल गुप्ता अस्पताल के बाहर सड़क किनारे जा रही महिला को पीछे से आई सफेद रंग की एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर दूर जाकर गिरी, जिससे गंभीर घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हद तो तब हो गई जब कार चालक घायल महिला की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आया है।
आंखों का ऑपरेशन कराने के लिए आई थी महिला
जानकारी के मुताबिक अमरोहा जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चागौरी निवासी रुकैया पत्नी वसीम 4 नवंबर को अपनी आंखों का ऑपरेशन कराने के लिए मुरादाबाद के रामगंगा विहार स्थित सीएल गुप्ता आंखों के अस्पताल आई थीं। रात करीब आठ बजे वह अस्पताल से बाहर कुछ खाने-पीने का सामान लेने के लिए सड़क किनारे जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई सफेद रंग की अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
महिला को कराया गया अस्पताल में भर्ती, जहां हो गई मौत
अचानक हुई टक्कर में महिला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं हादसे के बाद आरोपी चालक बिना रुके अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। परिजनों के अनुसार महिला को अमरोहा के नौगावां रोड स्थित तरुण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया गया। काफी कोशिश के बाद भी उसकी जान चली गई।
महिला के भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट
महिला के भाई हारून पुत्र जमीर अहमद निवासी मोहल्ला चकली सरफा बाजार, अमरोहा ने थाना सिविल लाइंस में लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बहन को अज्ञात सफेद कार चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उसके बाद उनकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर, जांच उपनिरीक्षक आकाश धामा को सौंप दी है।
मुरादाबाद से राजीव शर्मा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
यूपी के महराजगंज में कार से बरामद हुआ 60 लाख का गांजा, महिला समेत 2 गिरफ्तार, ATS ने की कार्रवाई