उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। पुलिस और आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) की संयुक्त टीम ने करीब 60 लाख रुपये मूल्य का 122.975 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। एटीएस की टीम ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। एटीएस की टीम इस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। कहीं यूपी के अन्य जिलों में तो गांजा सप्लाई नहीं किया गया है।
कार से गांजे की खेप बरामद
मामले की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार को बताया कि ठूठीबारी पुलिस और एटीएस की सिद्धार्थनगर तथा गोरखपुर इकाइयों ने सूचना के आधार पर नौबारी गांव के पास संयुक्त कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक कार से गांजे की खेप बरामद की गई। उसमें सवार 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशीनगर जिले के चैनपट्टी गांव निवासी नईमुन निशा उर्फ जहांतारा (49) और आजाद नगर निवासी राजेंद्र गौड़ उर्फ रविंद्र (50) के रूप में हुई है। अवस्थी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 122.975 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार जब्त कर ली गई। उन्होंने बताया कि बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
NDPS की धारा में दर्ज हुआ केस
अधिकारी ने बताया कि इस मामले में ठूठीबारी थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र गौड़ के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं, इनमें से एक मामला साल 2020 में कुशीनगर और दूसरा साल 2023 में बस्ती जिले में दर्ज किया गया था। (भाषा के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें: