भारत और श्रीलंका के बीच 13 दिसंबर को होने वाला पहला वनडे मैच अब दिल्ली की जगह विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। बीसीसीआई ने इस खबर की पुष्टि कर दी है। बोर्ड ने बताया है कि दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने खराब मौसम की आशंका और स्टेडियम में चल रहे रेनोवेशन के काम के चलते मैच का आयोजन कहीं और करवाने की मांग की थी। DDCA की मांग के बाद यह बदलाव किया गया है।
अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहा है रेनोवेशन
स्टेडियम की पिच और मैदान को बेहतर बनाने का काम चल रहा है, जिस वजह से वहां की मिट्टी पर रेत बिछाकर नया मैदान तैयार किया जा रहा है और यह काम अगले तीन महीनों तक चलेगा। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के एक अधिकारी ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और मैदान के रेनोवेशन के काम के कारण उन्होंने बीसीसीआई से मैच को दिल्ली से बाहर शिफ्ट करने की अपील की थी। आपको बता दें कि इस दिसंबर भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जानी है।
पहले भी वेन्यू चेंज की खबरें आई थी सामने
IND vs SL मैच के वेन्यू चेंज को लेकर पहले भी कई रिपोर्ट्स सामने आई थी। इस खबर के मुताबिक भारत और श्रीलंका के बीच 13 दिसंबर को होने वाले पहले वनडे मैच का वेन्यू बदल दिया गया है। पहले यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन मैदान पर रिनोवेशन का काम चल रहा होने के कारण इसे अब विशाखापत्तनम में शिफ्ट कर दिया गया है। पहले ऐसी खबरें आई थीं कि मैच अहमदाबाद जा सकता है, जिसे बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पहले गलत बताया था, लेकिन अब बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर मैच विशाखापत्तनम कराने का फैसला किया है।
2024 में खेली गई थी आखिरी सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच पिछली वनडे सीरीज अगस्त 2024 में खेली गई थी, जिसमें श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम की थी। उस सीरीज का पहला मैच टाई पर खत्म हुआ था, जबकि अगले दोनों मुकाबलों में श्रीलंकाई टीम ने जीत हासिल की थी।