रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव से पहले पर्यटन सुविधाओं को एक और नई सौगात मिली है। सरयू नदी में इलेक्ट्रिक क्रूज का संचालन शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को कमिश्नर राजेश कुमार ने क्रूज का उद्घाटन कर इसकी शुरुआत की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा रहे। सभी ने सरयू नदी में इलेक्ट्रिक क्रूज का भरपूर आनंद लिया।
क्रूज में डीजल का नहीं होता इस्तेमाल
इस दौरान कमिश्नर ने बताया कि करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह क्रूज पूरी तरह इलेक्ट्रिक है। इसमें डीजल का इस्तेमाल नहीं होता, जिससे प्रदूषण भी नहीं होगा। पिछले साल इसका ट्रायल किया गया था। इस बार पर्यटन सीजन को देखते हुए दोबारा इसका संचालन शुरू किया गया है।
गुप्तार घाट से कच्चा घाट तक चलाया जाएगा क्रूज
योजना के मुताबिक, क्रूज को गुप्तार घाट से कच्चा घाट तक चलाया जाएगा। इससे पर्यटक सरयू नदी में सैर के साथ अयोध्या के खूबसूरत घाटों और धार्मिक स्थलों का नजारा भी देख सकेंगे। वहीं, मौके पर मौजूद डीएम शशांक त्रिपाठी ने बताया कि 7 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं
ड्रोन शो का किया जा रहा ट्रायल
सरयू आरती के प्रतिभागियों का रिहर्सल शुरू हो गया है। ड्रोन शो का ट्रायल भी किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि इस बार दीपोत्सव का आयोजन भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। क्रूज के संचालन से अयोध्या में पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
दीपोत्सव का मुख्य आयोजन 7 नवंबर को
बता दें कि अयोध्या में इस साल 10वां दीपोत्सव 5 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। दीपोत्सव का मुख्य आयोजन 7 नवंबर को होगा, जबकि दीपावली 8 नवंबर को मनाई जाएगी। चार दिवसीय इस आयोजन के दौरान सरयू नदी के घाटों, राम की पैड़ी और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों को लाखों दीयों से रोशन किया जाएगा।
आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त
इस दौरान अयोध्या में भव्य शोभायात्रा, रामायण पर आधारित झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सरयू आरती और लेजर शो सहित कई आकर्षण देखने को मिलेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए तैयारियां की हैं।
अखंड सिंह की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: