1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़! गोरखपुर में दूषित खून की तस्करी का भंडाफोड़, 100 यूनिट ब्लड के साथ दो गिरफ्तार

मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़! गोरखपुर में दूषित खून की तस्करी का भंडाफोड़, 100 यूनिट ब्लड के साथ दो गिरफ्तार

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Nov 05, 2026 11:41 pm IST,  Updated : Nov 05, 2026 11:48 pm IST

गोरखपुर में पुलिस ने अवैध रूप से ब्लड की तस्करी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स बरामद हुए हैं।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश में मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाले खून के कारोबार में बड़ा खेल सामने आया है। गोरखपुर में अवैध रूप से ब्लड की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का रामगढ़ताल पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। मंगलवार को भगत चौराहे के पास एक कार से 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स (पीआरबीसी) बरामद किए गए। पुलिस ने कार सवार मुरादाबाद निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्लड मुरादाबाद से लाकर गोरखपुर के आरोग्य ब्लड बैंक में सप्लाई किया जाना था।

महंगे दाम पर बेचते थे खून

पुलिस के मुताबिक, जिले में दूसरे राज्यों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से वाहनों में छिपाकर ब्लड लाने और उसे ऊंचे दामों पर बेचने वाले गिरोह की सूचना मिल रही थी। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर रामगढ़ताल पुलिस चौकी इंचार्ज अमित चौबे ने मामले की जांच शुरू की। मंगलवार को मुखबिर से मुरादाबाद से ब्लड की खेप आने की सूचना मिली। इसके बाद औषधि निरीक्षक श्रीध्वजेश्वर शुक्ला को सूचना देकर संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने एलआईसी कार्यालय के पास घेराबंदी कर यूके नंबर की सफेद ऑल्टो कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर रखे दफ्ती के डिब्बे से 40 और डिक्की में रखे थर्माकोल के डिब्बे से 60 ब्लड बैग बरामद हुए। इस तरह कुल 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स मिले।

 कोल्ड चेन के नियमों की भी उड़ाई जा रही थी धज्जियां

जांच में ब्लड के रखरखाव में भी गंभीर लापरवाही सामने आई। खून को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कोल्ड चेन का पालन नहीं किया जा रहा था। कई पैकेटों पर तो  कलेक्शन और एक्सपायरी की तारीख भी अंकित नहीं थी। इससे बरामद ब्लड की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मुरादाबाद स्थित एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से सस्ते दामों पर ब्लड लेकर मांग के अनुसार अलग-अलग ब्लड बैंकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। औषधि निरीक्षक ने दोनों डिब्बों से एक-एक यूनिट ब्लड नमूने के तौर पर लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2) और औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम की धारा 18/27 के तहत कार्रवाई की है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी सीज कर दिया गया है।

 रिपोर्टः राज श्रीवास्तव

ये भी पढ़ेंः यूपी के महराजगंज में कार से बरामद हुआ 60 लाख का गांजा, महिला समेत 2 गिरफ्तार, ATS ने की कार्रवाई 

11 साल पहले की थी लव मैरिज, लेकिन पति करने लगा पत्नी पर शक, फिर कमरे में बंद किया और जिंदा जला दिया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।