केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के सीनियर नेता शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि शरद पवार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होंगे, लेकिन उनकी इच्छा है कि शरद पवार को NDA का हिस्सा बनना चाहिए। आठवले ने यह भी कहा कि अगर सुप्रिया सुले NDA में आती हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा। उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
शरद पवार के पीएम मोदी के साथ अच्छे संबंध
रामदास आठवले ने यह बयान 4 नवंबर को महाराष्ट्र के ठाणे में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि शरद पवार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अच्छे संबंध हैं। अगर शरद पवार पहले ही NDA में आ गए होते तो संभव है कि 2022 में उन्हें राष्ट्रपति बनने का मौका मिल सकता था। आठवले ने कहा कि हम सभी चाहते थे कि शरद पवार NDA में शामिल हों।
सुप्रिया सुले को कैबिनेट मंत्री बनाने पर हो सकता है विचार
केंद्रीय मंत्री ने सुप्रिया सुले को लेकर शरद पवार ने कहा कि अगर वह NDA के साथ आती हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि अगले केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में सुप्रिया सुले को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, यह एक संभावित स्थिति के तौर पर कही गई बात है।
शिंदे और अजित पवार की पार्टी NDA का हिस्सा
आठवले ने महाराष्ट्र की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे NDA के साथ आ चुके हैं। अजित पवार की पार्टी भी गठबंधन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरी दुनिया विकास पुरुष के रूप में जानती है और सभी लोग उनके विकास के एजेंडे के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
महाराष्ट्र की राजनीति में काफी अहम है आठवले का बयान
आठवले के इस बयान को महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार और सुप्रिया सुले को NDA के साथ जोड़ने की संभावनाओं के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि, शरद पवार या सुप्रिया सुले की ओर से NDA में शामिल होने को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है।
बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी ने शरद पवार से फोन पर बातचीत कर उनका स्वास्थ्य के बारे में हालचाल लिया। साथ ही सुप्रिया सुले का नाम लेकर कहा था कि हम दोनों लोग देश संभाल लेंगे, आप ज्यादा चिंता न करिए।
ये भी पढ़ें:
मुंबई में छठ पूजा से पहले गरमाई सियासत, प्रदूषण की SOP को लेकर शिंदे शिवसेना और MNS के बीच ठन गई