उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर इलाके में पुलिस और आबकारी विभाग ने शराब तस्करी के एक बहुत ही शातिर और फिल्मी तरीके का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऐसे ट्रक को पकड़ा जिसमें नमक की बोरियों की आड़ में अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
गुप्त तहखाने बनाकर हो रही थी तस्करी
घटना बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम बवनपुरा चौकी के पास बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। जब पुलिस ने ट्रक की गहराई से तलाशी ली, तो दंग रह गए। तस्करों ने फिल्म पुष्पा की तर्ज पर ट्रक के निचले हिस्से में एक सीक्रेट तहखाना बनवाया हुआ था। इस गुप्त तहखाने को छुपाने के लिए ऊपर नमक के करीब 650 बोरियां लाद रखे थे, ताकि किसी को भी जरा सा भी शक न हो।
चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी शराब
पुलिस ने इस गुप्त तहखाने से चंडीगढ़ में बनी अवैध अंग्रेजी शराब की 327 से अधिक पेटियां बरामद कीं। पूछताछ और शुरुआती जांच में सामने आया कि यह शराब चंडीगढ़ से लाई गई थी और इसे तस्करी कर बिहार ले जाकर ऊंचे दामों में बेचने की पूरी योजना थी। बिहार में शराबबंदी के कारण तस्कर इस तरह के नायाब और शातिर तरीके अपनाकर वहां अवैध शराब की सप्लाई कर रहे थे।
दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में पुलिस ने मौके से दो शातिर तस्करों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के रहने वाले अनिल कुमार पांडेय और कुशीनगर के रहने वाले शीशपाल कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब की पूरी खेप और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से कुछ नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी मदद से वेस आपस में संपर्क साधते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क कहां-कहां फैला हुआ है।
बिजनौर से रोहित त्रिपाठी की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
बलिया के मंदिर में लूट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली, पांच गिरफ्तार
रोड पर चलती महिला को कार चालक ने मारी टक्कर, चली गई जान, चालक फरार