1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. अफेयर का प्रपोजल ठुकराया तो 10वीं क्लास की छात्रा पर कर दिया आरी से हमला, सीएम बोले- 'शॉक्ड हूं, एक्शन लें'

अफेयर का प्रपोजल ठुकराया तो 10वीं क्लास की छात्रा पर कर दिया आरी से हमला, सीएम बोले- 'शॉक्ड हूं, एक्शन लें'

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, तभी 21 साल का एक युवक आरी लेकर 10वीं कक्षा के कमरे में घुस गया और दो लड़कियों पर हमला कर दिया। हमले में एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सांकेतिक तस्वीर

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक शख्स ने क्लासरूम के अंदर 10वीं की छात्रा पर चेन-सॉ (पेड़ काटने वाली आरी) से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी कथित तौर पर पेड़ काटने वाली आरी लेकर क्लासरूम में घुसा और छात्रा पर हमला कर दिया। उसने क्लास के अन्य छात्रों के सामने ही छात्रा के चेहरे, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। बीच-बचाव करने और हमले को रोकने की कोशिश में एक अन्य छात्रा भी घायल हो गई। हमले के बाद आरोपी स्कूल से भाग गया, जबकि पीड़िता क्लासरूम में खून से लथपथ पड़ी रही।

शिक्षकों और छात्रों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी और घायल छात्रा को आपातकालीन इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे राप्टाडु गांव के जिला परिषद हाई स्कूल में हुई। हमला क्लासरूम के अंदर हुआ, जहां उस समय एक शिक्षक मौजूद थे और पढ़ाई चल रही थी। दोनों छात्राओं को तुरंत इलाज के लिए अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल ले जाया गया। उनमें से एक की सर्जरी की गई। 

पीड़िता का रिश्तेदार है आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम हेमंत उर्फ ​​डुम्मू है। हमले के बाद वह स्कूल से भाग गया था, लेकिन बाद में उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि वह श्री सत्य साईं जिले के धर्मावरम मंडल में नागल्लूर का रहने वाला है और पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है। आरोप है कि आरोपी छात्रा से सामने अफेयर और शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे उसने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद से वह गुस्से में था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कुछ समय से उसे परेशान कर रहा था। बताया जा रहा है कि जब छात्रा ने आरोपी को उससे दूर रहने की चेतावनी दी और उसके गलत बर्ताव के बारे में माता-पिता को बताने की धमकी दी, तो आरोपी उससे रंजिश रखने लगा। इसी के चलते उसने सरकारी स्कूल के क्लासरूम में छात्रा पर हमला कर दिया। 

सीएम ने कड़ा कार्रवाई का दिया आदेश

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना का संज्ञान लिया है। सीएम ने एक्स हैंडल पर लिखा, "राप्टाडु जिला परिषद हाई स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा पर हुए इस बर्बर हमले से मैं गहरे सदमे में हूं और बहुत गुस्से में हूं। जो लोग स्कूलों के अंदर हमारी बच्चियों को निशाना बनाते हैं, उनके लिए हमारे समाज में कोई जगह नहीं है।" उन्होंने कहा कि मैं खुद छात्रा के ठीक होने की प्रक्रिया पर नजर रख रहा हूं और मेडिकल टीम को उसे सर्वोत्तम इलाज देने का निर्देश दिया है। मैंने पुलिस को आदेश दिया है कि इस दरिंदे को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और उसे कड़ी से कड़ी कानूनी सजा दिलाई जाए।

वहीं, शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने X पर लिखा, "अनंतपुर जिले के राप्थाडु में एक स्कूल के अंदर 10वीं कक्षा की छात्रा पर हुए बर्बर हमले से मैं बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। सीखने और सुरक्षा की जगह पर एक छोटी बच्ची के खिलाफ ऐसा अमानवीय कृत्य पूरी तरह से निंदनीय है। इससे पहले बेंगलुरु में किराए को लेकर विवाद के बाद मकान मालिक की हत्या कर दी गई है।

यह भी पढ़ेंः पति ने पत्नी पर लोहे की रॉड से किया हमला, बचाने आए लोगों पर तान दी बंदूक, फिर खुद को गोली मारकर किया सुसाइड

Latest Crime News