A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. गोली मारकर 17 साल की बेटी की लाश नदी में फेंकी, अफेयर से नाराज पिता ने मिटाए सबूत; 5 दिन बाद मिला शव

गोली मारकर 17 साल की बेटी की लाश नदी में फेंकी, अफेयर से नाराज पिता ने मिटाए सबूत; 5 दिन बाद मिला शव

मुरैना में एक पिता ने अपनी बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसकी लाश को पैतृक गांव ले जाकर फुल पैक किया और पत्थर से बांधकर नदी में फेंक दिया। बेटी का कसूर इतना था कि वो दूसरी जाति के लड़के से प्यार करती थी।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक पिता ने अपनी 17 साल की बेटी की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंक दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। प्रथम दृष्टया यह झूठी शान की खातिर की गई हत्या का मामला नजर आ रहा है।

पड़ोसी ने सुनी थी घर में गोली चलने और चीखने की आवाज 

मुरैना सिविल लाइंस थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि हत्या के 5 दिन बाद रविवार को गलेठा गांव के पास क्वारी नदी से दिव्या का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि भरत उर्फ बंटू सिकरवार को शनिवार को उस समय हिरासत में लिया गया, जब एक पड़ोसी ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी की बड़ी बेटी लापता है। फोन करने वाले व्यक्ति ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने चार दिन पहले सिकरवार के घर से गोली चलने और चीखने की आवाज सुनी थी।

छत का पंखा गिरने से हुई मौत- आरोपी पिता

यह घटना 23-24 सितंबर की रात को मुरैना शहर के अंबाह बाईपास इलाके में परिवार के घर पर हुई। उन्होंने बताया कि मृतक छात्रा 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। पुलिस ने बताया कि सिकरवार यह जानने के बाद परेशान थे कि उसकी बेटी एक दूसरी जाति के लड़के से प्यार करती थी। उसने शुरू में दिव्या के ठिकाने के बारे में टालमटोल करने वाले जवाब दिए लेकिन पूछताछ करने पर उसने दावा किया कि छत का पंखा गिरने से उसकी मौत हो गई। 

पैतृक गांव जाकर नदी में फेंका शव

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसने घटना के चार घंटे बाद बेटी के शव को अपने पैतृक गांव गलेठा में क्वारी नदी में फेंक दिया क्योंकि ‘वह अविवाहित थी’। हालांकि गांव में लोग दबी जुबान से ऑनर किलिंग की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस ने शनिवार को SDRF की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने के बाद इसे रोकना पड़ा। रविवार को फिर से तलाश शुरू हुई और पूर्वाह्न करीब 10 बजे नाबालिग का शव बरामद किया गया। शव को फुल पैक कर पत्थर से साथ बांधकर नदी में बहाया गया था।

शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया और रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

VIDEO: घर में घुसे अनजान शख्स ने बच्चे को तीन टुकड़ों में काट डाला, खून का फव्वारा देख बेहोश हुई मां

Latest Crime News