उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के एक होटल के कमरे में एक महिला का शव बरामद हुआ है। ये घटना जिले के सराय लखंसी थाना क्षेत्र के होटल 'तथागत' की है, जहां से 26 वर्षीय महिला की लाश मिली। पुलिस ने रविवार को मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी भावना शर्मा के रूप में हुई है। भावना कुछ समय से हरियाणा के पानीपत के रहने वाले अपने दोस्त शक्ति सिंह के साथ होटल में ठहरी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भावना अपने पति अजय शर्मा के साथ विवाद के बाद पिछले आठ महीनों से शक्ति सिंह के साथ रह रही थी।
सिलीगुड़ी से मऊ आए
पुलिस के मुताबिक, भावना और शक्ति सिंह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से मऊ आए थे और पिछले तीन दिनों से होटल में रुके हुए थे। पूछताछ में शक्ति सिंह ने बताया कि वह शनिवार को किसी काम से वाराणसी गया था और रात में लौटने पर उसने भावना को कमरे में फंदे से लटकते हुए पाया।
महिला के साथ रह रहा शख्स हिरासत में
होटल कर्मचारियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। मऊ के क्षेत्राधिकारी (नगर क्षेत्र) कृष्ण राजपूत ने बताया कि पहली नजर में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। पुलिस ने शक्ति सिंह और होटल के कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मृतका के परिवार को भी घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारी ने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली: कमरे के अंदर संदिग्ध हाल में मिला विवाहिता का शव, 3 महीने पहले हुई थी शादी
टैक्सी चालक को मारकर जंगल में फेंका, मरा समझ छोड़ गए, दो दिन बाद मिला जिंदा; 2 अरेस्ट
Latest Crime News