1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बेटी की शादी में ननद को नहीं बुलाया तो देवर और ससुर ने पीट-पीटकर मार दिया, विदेश में नौकरी करता है पति, बचाने नहीं आ पाया

बेटी की शादी में ननद को नहीं बुलाया तो देवर और ससुर ने पीट-पीटकर मार दिया, विदेश में नौकरी करता है पति, बचाने नहीं आ पाया

मृतक महिला के बेटे ने बताया कि घटना के समय उसकी मां घर में अकेली थीं। ऐसे में उनके ससुर और दोनों देवर दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे। इसके बाद पीट-पीटकर महिला की हत्या कर दी और फरार हो गए।

Putul Devi- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक महिला पुतुल देवी

बिहार के नवादा जिले में एक महिला की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी गई, क्योंकि उसने बेटी की शादी में अपनी ननद को नहीं बुलाया था। हत्यारे कोई और नहीं, बल्कि महिला के ससुर और दो देवर ही हैं। महिला का पति विदेश में नौकरी करता है। ऐसे में वह भी बचाने के लिए नहीं आ सका। मृतक महिला के बेटे ने बताया कि फुआ को निमंत्रण नहीं देने पर विवाद हुआ था। इसी वजह से उसकी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बेटे ने अपने दादा और दोनों चाचा पर हत्या का आरोप लगाया है।

घटना नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र की है। यहां हजरतपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शादी में फुआ को निमंत्रण नहीं दिए जाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक महिला की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

तीन बच्चों के साथ रहती थी महिला

मृतिका की पहचान बाल्मिकी चौधरी की 45 वर्षीय पत्नी पुतुल देवी के रूप में की गई है। वह अपने दो पुत्र और एक पुत्री के साथ गांव में रहती थीं, जबकि उनके पति साऊथ अफ्रीका में बेल्डर का काम करते हैं। मृतिका के पुत्र भुपेश कुमार ने बताया कि करीब दो माह पूर्व बहन की शादी हुई थी। जिसमें फुआ को निमंत्रण नहीं दिया गया था। इससे पहले मुंडन संस्कार में भी उन्हें नहीं बुलाया गया था। इसी बात को लेकर लंबे समय से परिवार के भीतर विवाद चल रहा था। गुरुवार की देर शाम इसी विवाद को लेकर कहासुनी सुनी हुई। जिसके बाद मारपीट की गई, जिससे इसकी मौत हो गई।

परिजनों पर ही लगा हत्या का आरोप

मृतका के पुत्र ने आरोप लगाया कि उनके बाबा (दादा), चाचा (देवर) और भैसूर ने मिलकर उनकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद घर के सदस्य घर छोड़कर कर फरार हो गए। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।

छत से कूदकर आए आरोपी

पुतुल देवी के बेटे ने बताया कि शादी ब्याह को लेकर न्योता के चक्कर में मम्मी से मारपीट किया और जान से मार दिया। कुल तीन आदमी ने मारा है। तीनों छत से कूदकर घर के अंदर घुसे थे। घर में कोई नहीं था। हम भी नहीं थे। पापा तो बाहर ही रहते हैं। हम लोग पढ़ने गए थे तो घर में  कोई नहीं था इसीलिए सब ने मिलकर मार दिया। बेटे ने जोगिंद चौधरी, साधू चौधरी और संजय चौधरी पर हत्या का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें-

बगहा में शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

पटना में लाइनमैन की मौत के बाद सड़क जाम और आगजनी, परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप

Latest Crime News