1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शादी में मटन की जगह चिकन परोसने पर भड़का ऐसा विवाद..., 4 नाबालिगों ने कैटरिंग कर्मी का गला काटा

शादी में मटन की जगह चिकन परोसने पर भड़का ऐसा विवाद..., 4 नाबालिगों ने कैटरिंग कर्मी का गला काटा

शादी की दावत में मटन को लेकर खूनी हमला देखने को मिला है। मटन की जगह चिकन परोसने से नाराज 4 नाबालिगों ने कैटरिंग कर्मी का गला काट दिया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

odisha chicken mutton controversy murder- India TV Hindi
Image Source : PEXELS सांकेतिक फोटो।

ओडिशा के बालेश्वर जिले में शादी की दावत के दौरान मटन की जगह चिकन परोसने को लेकर ऐसा विवाद हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में कैटरिंग का काम कर रहे एक नाबालिग पर चार नाबालिगों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन गंभीर रूप से घायल हो गई। पहले उसे फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर बाद में कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अनुगोल स्थित सुधार गृह भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह घटना 24 जून की रात बालेश्वर जिले के रेमुणा थाना क्षेत्र के अठांतर गांव में हुई थी। हालांकि, यह मामला रविवार को उस समय सामने आया, जब पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित नाबालिग शादी समारोह में कैटरिंग टीम के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान 16 से 17 वर्ष की उम्र के चार नाबालिग खाना लेने पहुंचे और उन्होंने मटन करी की मांग की। बताया जा रहा है कि किसी वजह से उन्हें मटन की जगह चिकन परोसा गया। इसी बात से चारों नाबालिग नाराज हो गए और उन्होंने कैटरिंग कर्मी से बहस शुरू कर दी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन आरोप है कि चारों नाबालिग मन में बदला लेने की नीयत से मौके पर ही रुके रहे। कुछ देर बाद जब पीड़ित नाबालिग शादी समारोह से बाहर निकला, तब चारों आरोपियों ने उसका पीछा किया। उन्होंने पीछे से धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घायल की हालत गंभीर

घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल को पहले फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन गर्दन पर गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

चारों नाबालिगों को सुधार गृह भेजा गया

इस घटना को लेकर रेमुणा पुलिस ने केस संख्या 133/26 दर्ज कर के जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान घटना में शामिल चारों नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर अनुगोल स्थित सुधार गृह भेज दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- एकतरफा प्यार में हैवान बना युवक, युवती के घर में पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर

इंटर-कास्ट मैरिज का इतना बड़ा खामियाजा! पिता के शव को कंधा देने नहीं आया कोई, साइकिल पर बांधकर ले गए

Latest Crime News