1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. एकतरफा प्यार में हैवान बना युवक, युवती के घर में पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर

एकतरफा प्यार में हैवान बना युवक, युवती के घर में पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 28, 2026 04:21 pm IST,  Updated : Jun 28, 2026 04:21 pm IST

ओडिशा में एक शख्स ने एकतरफा प्यार की वजह से युवती के घर में आग लगा दी। पीड़िता 40 प्रतिशत झुलस गई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एकतरफा प्यार में युवक ने युवती के घर में लगाई आग।- India TV Hindi
एकतरफा प्यार में युवक ने युवती के घर में लगाई आग। Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के राउरकेला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सुंदरगढ़ जिले के बिसरा ब्लॉक के जराटोला गांव में एक युवक ने कथित तौर पर एकतरफा प्यार में 26 वर्षीय युवती के घर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस हमले में युवती करीब 40 फीसदी झुलस गई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी काफी समय से युवती के पीछे पड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह युवती के साथ रिलेशनशिप में रहना चाहता था, लेकिन युवती ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया।

खिड़की से पेट्रोल डालकर लगाई आग

शुक्रवार देर रात युवती अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके घर पहुंचा और खिड़की के रास्ते कमरे के अंदर पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद उसने आग लगा दी। देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई और युवती अंदर ही फंस गई। आग की लपटों में घिरी युवती मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की और युवती को घर से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत राउरकेला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी सबूत जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। राउरकेला के एसपी नितेश वाधवानी ने घटना और गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा हुआ लग रहा है। युवती को आग लगाने के बाद युवक खुद भी आत्महत्या करने वाला था। चूंकि पुलिस समय पर पहुंच गई लिहाजा पुलिस ने एक बड़ी अनहोनी को रोक दिया। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

सिया को लोहगढ़ फोर्ट लेकर पहुंची पुलिस, सीन रीक्रिएट किया, आरोपी चेतन की बाइक और हेडफोन जब्त

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।