1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सिया को लोहगढ़ फोर्ट लेकर पहुंची पुलिस, सीन रीक्रिएट किया, आरोपी चेतन की बाइक और हेडफोन जब्त

सिया को लोहगढ़ फोर्ट लेकर पहुंची पुलिस, सीन रीक्रिएट किया, आरोपी चेतन की बाइक और हेडफोन जब्त

 Reported By: Rajesh Kumar Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 28, 2026 01:00 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 12:53 pm IST

पुलिस ने आरोपी सिया को अपने साथ ले जाकर पूरा सीन रीक्रिएट किया। वहीं, दूसरे आरोपी चेतन की बाइक, हूडी और हेडफोन जब्त कर लिया है। इस सामान की भी फॉरेंसिक जांच की जाएगी।

Lohagarh- India TV Hindi
लोहगढ़ फोर्ट में सीन रीक्रिएट करने पहुंची पुलिस Image Source : X/PTI

पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार को मुख्य आरोपी सिया गोयल को लेकर पुलिस अधिकारी लोहगढ़ फोर्ट पहुंचे और सीन रीक्रिएट किया। इसके साथ ही दूसरे आरोपी चेतन की वह बाइक जब्त कर ली है, जिससे वह लोहगढ़ फोर्ट पहुंचा था और केतन को धक्का दिया था। वह हूडी पहनकर और हेडफोन लगाकर मौके पर पहुंचा था। पुलिस ने यह सामान भी बरामद कर लिया है। इसकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी।

आरोप है कि 20 वर्षीय सिया और उसके 'प्रेमी' चेतन चौधरी (22) ने अग्रवाल को किले से धक्का देकर केतन की हत्या कर दी थी। सीन रीक्रिएट करके पुलिस 18 जून के सटीक घटनाक्रम का पता लगाना चाहती है।

चेतन को बाद में किले ले जाएगी पुलिस

पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''सिया को लोहगढ़ किले में उस स्थान पर ले जाया गया, जहां से उसने चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को कथित रूप से धक्का दिया था। चेतन को अलग से किले में ले जाया जाएगा।'' उन्होंने बताया कि घटनाक्रम दोहराए जाने के दौरान इस संबंध में आरोपी के दावों की पुष्टि की जाएगी कि केतन को किस तरह और किस स्थान से धक्का दिया गया था। 

बदनामी के डर से की हत्या

सिया और चेतन को केतन की हत्या की साजिश रचने और उन्हें पुणे जिले के लोहगढ़ किले से धक्का देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सिया ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि वह अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगा कि शादी तोड़ने से परिवार की बदनामी होगी इसलिए उसने चौधरी के साथ मिलकर अग्रवाल की हत्या की साजिश रची। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच टीम अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। इनमें कथित अपराध की साजिश, घटना से पहले और बाद में आरोपियों की गतिविधियां, उनके डिजिटल रिकॉर्ड और हत्या का मकसद शामिल हैं।

10 प्वाइंट में पूरा घटनाक्रम

1. फरवरी 2026 में केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई पुणे के 'होटल द रिट्ज-कार्लटन' (बंड गार्डन) में हुई थी। यह रिश्ता केतन के चचेरे मामा नरेंद्र मित्तल के माध्यम से तय हुआ था। 

2. दोनों के प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली, इंडोनेशिया की बुकिंग दो महीने पहले ही करा ली गई थी। 6 जून 2026 को जब केतन, सिया, उसकी बहन संजना और सिया का भाई साहिल मुंबई एयरपोर्ट के लिए निकले, तो वहां पहुंचने पर केतन का पासपोर्ट बैग से गायब मिला, जिसके कारण वे इंडोनेशिया नहीं जा सके। 
3. एयरपोर्ट से लौटने के बाद केतन ने अपने पिता को बताया कि सिया पिछले एक महीने से छोटी-छोटी बातों पर उससे झगड़ रही है। केतन ने यह भी बताया कि जब वह सिया के साथ होता था, तो सिया फोन पर व्यस्त रहती थी और अपने दोस्त चेतन चौधरी का नाम लेती थी। केतन को शक था कि उसका कोई प्रेम संबंध है। हालांकि, रिश्तेदारों का रिश्ता होने के कारण पिता ने केतन को समझाकर शांत कर दिया था।
4. 31 मई को सिया के कहने पर केतन और सिया पहली बार लोहगढ़ किला घूमने गए थे।
5. ⁠4 जून को सिया ने दोबारा वहां जाने की जिद की, लेकिन परिवार ने मना कर दिया, इसके बाद सिया ने रो-रोकर काफी हंगामा किया और केतन को परेशान किया। 
6. 14 जून को सिया की लगातार जिद और रोने-धोने के कारण परिवार ने उन्हें दोबारा लोहगढ़ जाने की अनुमति दी और वे घूमकर वापस आए।
7. 17 जून की रात करीब 11:00 बजे सिया ने केतन को व्हाट्सएप कॉल किया और कहा कि 19 जून को उसका जन्मदिन है, इसलिए वह जन्मदिन के बहाने फिर से लोहगढ़ किला घूमना चाहती है। केतन की मां राखी अग्रवाल ने पहले मना किया, लेकिन सिया के जिद करने पर माता-पिता ने सहमति दे दी।
8. 18 जून को सुबह 08:30 बजे केतन अपनी कंपनी की 'किया' कार लेकर सिया को लेने निकला। सिया मुंबई-पुणे हाईवे पर किवाले ब्रिज के पास उसका इंतजार कर रही थी। सुबह 10:45 बजे सिया की मां पूजा गोयल ने केतन की मां को फोन कर बताया कि "केतन लोहगढ़ किले से गहरी खाई में गिर गया है, आप लोग तुरंत वहां पहुंचिए"।
9. केतन के माता-पिता, चचेरे भाई हर्ष और चाचा विजय वहां पहुंचे, तो स्थानीय लोगों और पुलिस ने केतन को बेहोशी और घायल अवस्था में गहरी खाई से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
10. 21 जून 2026 को पिता विशाल अग्रवाल अपने भाई और दोस्तों के साथ लोहगढ़ किले की उस जगह पर गए जहां से केतन गिरा था। वहां का मुआयना करने के बाद उन्हें पक्का विश्वास हो गया कि कोई भी व्यक्ति उस जगह से इतनी आसानी से खुद नहीं गिर सकता।

यह भी पढ़ें-

सिया और चेतन ने चैट्स किए थे डिलीट, साहिल ने क्या बताया, केतन हत्याकांड में अब तक क्या पता चला?​

"मेरी बेटी को भी किले से नीचे फेंक दो", केतन अग्रवाल मर्डर केस में आरोपी मंगेतर सिया गोयल के माता-पिता का पहला बयान आया सामने​

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।