पुणे: केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी मंगेतर सिया गोयल के माता-पिता का बयान सामने आया है। उन्होंने अपनी बेटी का पक्ष लेने के बजाय कानून और न्याय का समर्थन किया है। उन्होंने भावुक और कड़े शब्दों में कहा है कि यदि उनकी बेटी भी इस जघन्य अपराध में दोषी पाई जाती है, तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
" मेरी बेटी को भी किले से नीचे फेंक दो"
आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने कहा, "जिसने भी यह किया है, उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। जिस किले से हमारा केतन गिरा था, जो भी दोषी पाया जाए, भले ही वह मेरी अपनी बेटी ही क्यों न हो, उसे भी वहीं से नीचे धकेल दिया जाना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें सिया के प्रेम संबंधों के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। सिया एक सीधी-सादी लड़की है। वह 19 साल की है। क्या 19 साल की लड़की ऐसा कुछ कर सकती है? मुझे उसके बारे में कुछ भी नहीं पता। चेतन कहां से आया? मैंने न तो कभी उसका चेहरा देखा है और न ही जिंदगी में कभी उससे बात की है। वह कभी हमारे घर नहीं आया। केतन के परिवार वाले बहुत अच्छे और संस्कारी लोग हैं। हमने एक बेटा और एक बहुत अच्छा रिश्ता खो दिया है। जांच होगी। जांच होने दी जाए। मैं बस यही चाहता हूं कि जो भी नतीजा निकले, उस पर कार्रवाई हो और दोषी को सजा मिले।"
"3 करोड़ का रिसॉर्ट बुक था, 5 करोड़ की होनी थी शादी"
आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल कहती हैं, "अगर इसमें किसी की भी गलती है, तो उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। भले ही उसमें मेरी बेटी ही क्यों न शामिल हो। अगर मेरी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे उसी जगह से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को फेंका गया था। परिवार को सिया और केतन की शादी से बहुत उम्मीदें थीं। बहुत सारी अपेक्षाएं थीं, बहुत प्यार था। केतन का परिवार भी सिया को बहुत प्यार और स्नेह देता था। सारे कार्यक्रम अच्छे से चल रहे थे। उन्होंने उसके जन्मदिन के जश्न के लिए भी कई कार्यक्रम आयोजित किए थे।"
मां ने आगे कहा, "अगर हमें लगता कि सिया को कोई परेशानी हो रही है या वह केतन से बात नहीं कर पा रही है, तो वे हमसे बात करते। सिया ने इस शादी को लेकर कभी कोई नाराज़गी नहीं जताई। हमें चेतन के बारे में कुछ भी पता नहीं था। सगाई के बाद से वह सिर्फ केतन से ही बात करती थी। मुझे नहीं लगता कि वह (अपराध करने के लिए) राजी हुई होगी, लेकिन अगर जांच में वह दोषी पाई जाती है, तो उसे सबसे कड़ी सज़ा दी जाए। शादी के लिए उन्होंने उदयपुर में अनंता रिज़ॉर्ट बुक किया था। इसका खर्च 3 करोड़ रुपये था, और हमें शादी पर 5 करोड़ रुपये खर्च करने थे।"
ये भी पढ़ें-
31 मई को रेकी, 18 जून को हत्या... केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा
बर्थडे का केक काटती दिख रही सिया, केतन हत्याकांड की जांच के बीच वीडियो हुआ वायरल