1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 31 मई को रेकी, 18 जून को हत्या... केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा

31 मई को रेकी, 18 जून को हत्या... केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 25, 2026 04:52 pm IST,  Updated : Jun 25, 2026 05:29 pm IST

जांच में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं, जिससे साफ होता है कि यह हत्या एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई थी। 14 जून को भी आरोपियों ने उसी पॉइंट से केतन अग्रवाल को नीचे धकेलने की कोशिश की थी।

मृतक केतन अग्रवाल, मंगेतर सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौधरी।- India TV Hindi
मृतक केतन अग्रवाल, मंगेतर सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौधरी। Image Source : FILE (REPORTER)

केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप गिल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जांच के दौरान पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं, जिससे साफ होता है कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई थी।

31 मई को की गई थी रेकी

एसपी संदीप गिल के अनुसार, आरोपी कपल ने सबसे पहले 31 मई को लोनावला के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले का दौरा किया था। केतन अग्रवाल को ट्रेकिंग का काफी शौक था, और इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने उन्हें वहां बुलाया। उसी दिन या उसके कुछ ही दिनों के भीतर आरोपियों के मन में केतन को पहाड़ी से नीचे धकेल कर मारने का आइडिया आया था।

4 जून का प्लान हुआ था फेल

पुलिस की तफ्तीश में यह बात भी सामने आई है कि आरोपियों ने इसके बाद 4 जून को दोबारा लोहगढ़ किले पर जाने का प्लान बनाया था, ताकि घटना को अंजाम दिया जा सके। हालांकि, किसी कारणवश उस दिन उनका यह प्लान सफल नहीं हो पाया। इसके बाद बीच में पासपोर्ट मिसप्लेस होने की घटना भी सामने आई थी।

14 जून का असफल प्रयास और 18 जून को वारदात

एसपी गिल ने आगे बताया कि 14 जून को भी आरोपियों ने उसी पॉइंट से केतन अग्रवाल को नीचे धकेलने का प्रयास किया था, लेकिन वह प्रयास भी असफल रहा। खास बात यह रही कि इस दौरान केतन अग्रवाल के मन में आरोपियों को लेकर कोई शक पैदा नहीं हुआ, क्योंकि आरोपियों ने उनके सामने पूरी स्थिति को एक अलग ही ढंग से पेश किया था

14 जून का प्रयास विफल होने के बाद, आरोपियों ने तय किया कि 18 जून को आरोपी चेतन चौधरी खुद वहां जाएगा और इस घटना को अंजाम देगा। आखिरकार, 18 जून को उसी निश्चित पॉइंट से केतन अग्रवाल को नीचे धकेल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

केतन अग्रवाल जिसकी हुई हत्या

बता दें कि केतन अग्रवाल (25) अपनी फ़ैमिली फ़र्म 'सक्सेस ग्रुप' में डायरेक्टर था, जो महाराष्ट्र में वेयरहाउस बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। इस साल फरवरी में उसके मामा ने रिश्ता तय करवाया और उनकी सगाई सिया गोयल (20) से हुई। दोनों की शादी इस नवंबर में होने वाली थी, इसके लिए उदयपुर में होटल भी बुक हो चुके थे। गोयल भी पुणे के एक अमीर बिज़नेस परिवार से है, लेकिन अग्रवाल परिवार को इस बात की भनक तक नहीं थी कि वह चेतन चौधरी (22) से प्यार करती थी।

(रिपोर्ट- समीर शेख)

ये भी पढ़ें-

बर्थडे का केक काटती दिख रही सिया, केतन हत्याकांड की जांच के बीच वीडियो हुआ वायरल

केतन की हत्या कैसे की? दो हजार से ज्यादा कॉल्स, सिया और चेतन ने ऑनलाइन ढूंढा था मर्डर का तरीका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।