महाराष्ट्र के मुंबई एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एयरपोर्ट पर CISF ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध सोने की तस्करी का मामला पकड़ा है। इस मामले में श्रीलंका के एक अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट यात्री और एयरलाइन के एक कर्मचारी को पकड़ा गया है। CISF की ओर से जब्त किए गए सोने की कीमत 1.83 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है। आइए जानते हैं इस मामले में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।
यात्री ने एयरलाइन कर्मचारी को पैकेट सौंपा
CISF की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बुधवार 21 अक्टूबर को मुंबई एयरपोर्ट पर बोर्डिंग गेट नंबर 65 के पास लिफ्ट में एक यात्री ने कथित तौर पर एयरलाइन कर्मचारी को एक पैकेट सौंपा था। इस पैकेट में सोने के पेस्ट जैसे दिखने वाले तीन अंडाकार पदार्थ थे। CISF कर्मियों ने कार्रवाई करते हुए यात्री और कर्मचारी दोनों को मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को आगे की जांच के लिए कस्टम्स और एयरपोर्ट इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) के हवाले कर दिया गया।
1,490 ग्राम बरामद पदार्थ का वजन
कस्टम्स/AIU की ओर से सामने आई जानकारी के अनुसार, मुंबई एयरपोर्ट पर पैकेट से बरामद पदार्थ का वजन करीब 1,490 ग्राम है। इसमें 24 कैरेट सोने के तीन टुकड़े बताए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1.83 करोड़ रुपये है। कस्टम्स/AIU अधिकारियों ने मामले में दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सक्षम अदालत में पेश किया है। CISF ने कहा है कि एयरपोर्ट पर तस्करी जैसी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें रोकने के लिए सतर्कता के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भी एक्शन
आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर भी कस्टम अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई की थी और दुबई से आ रहे यात्री के पास से 4.03 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया था। जानकारी के अनुसार, एक भारतीय यात्री के पास से सोने की छड़ें (Gold Rods) बरामद की गई थीं। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 3.2 किलोग्राम था। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने यात्री के सामान से 'फ्लोर स्प्रिंग' के अंदर छिपाई गई सोने की छड़ें बरामद की थीं।
ये भी पढ़ें- CISF ने गोवा एयरपोर्ट पर पकड़े ब्लूटूथ से परीक्षा में नकल करने वाले डिवाइस, दो यात्री भी दबोचे गए; जानें पूरा मामला