बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान आरोपियों के ठिकाने को लेकर अहम जानकारियां सामने आई हैं। मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित आरआर रेजीडेंसी होटल का कमरा नंबर 201 अब जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। सूत्रों के मुताबिक, इस कमरे में दो कथित आरोपी करीब पांच दिन तक रुके थे। आरोप है कि उन्होंने अपनी पहचान छिपाकर होटल में कमरा लिया और यहीं से फायरिंग की वारदात को अंजाम देने की तैयारी की। इंडिया टीवी के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति नीले रंग का बैग लेकर होटल से निकलता दिखाई दे रहा है। जांच एजेंसियां अब होटल में आरोपियों के ठहरने, हथियार की व्यवस्था और वारदात से पहले की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
कमरा नंबर 201 में पांच दिन तक रुके आरोपी
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अंधेरी ईस्ट के आरआर रेजीडेंसी होटल में दो कथित आरोपियों ने 14 तारीख को सुबह करीब 11 बजे चेक-इन किया था। उन्होंने कमरा नंबर 201 बुक कराया था, जिसका किराया लगभग 1,500 रुपये प्रतिदिन बताया जा रहा है। होटल में कमरा लेते समय उन्होंने खुद को हरियाणा के हिसार का निवासी बताया था और मुंबई घूमने आने की जानकारी दी थी। हालांकि इस मामले में एक अहम सवाल होटल में जमा कराए गए पहचान पत्रों को लेकर भी उठ रहा है। जानकारी के मुताबिक आधार कार्ड पर अंकित और मनदीप नैन उर्फ मोहित नाम दर्ज थे, जबकि जांच में फूल सिंह और रेहान सिंह के नाम भी कथित आरोपियों के रूप में सामने आए हैं। हरियाणा से पकड़े गए अंकित पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप है। ऐसे में कमरा नंबर 201 में वास्तव में कौन-कौन रुका था और किसने किस पहचान का इस्तेमाल किया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फायरिंग से पहले होटल से निकले आरोपी, CCTV में दिखा नीला बैग
इंडिया टीवी को मिले सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक फायरिंग की घटना वाले दिन शाम करीब 4:12 बजे एक व्यक्ति नीले रंग का बैग लेकर होटल से बाहर निकलता दिखाई देता है। दावा है कि इस बैग में वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार थे। इसके करीब एक मिनट बाद यानी 4:13 बजे, दो अन्य आरोपी कथित तौर पर बाइक पर होटल से निकलते नजर आते हैं। जांच से जुड़े इनपुट के अनुसार होटल से निकलने के बाद आरोपी जुहू स्थित फुटबॉल ग्राउंड पहुंचे थे, जहां टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना हुई। सूत्रों का दावा है कि वारदात के बाद आरोपी वहां से निकलकर शाम करीब सात बजे अंधेरी स्टेशन पहुंचे और बोरीवली जाने वाली लोकल ट्रेन से सूरत की ओर रवाना हो गए। पुलिस इन गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की आवाजाही की जांच कर रही है।
होटल के कमरे में पिस्टल की जांच का दावा
मामले से जुड़ी जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर हथियार मिलने के बाद होटल के कमरे में ही पिस्टल की जांच की थी। सूत्रों का दावा है कि इस दौरान एक राउंड मिसफायर हुआ था। हालांकि होटल कर्मचारियों के मुताबिक उन्हें कमरे से किसी गोली चलने जैसी आवाज सुनाई नहीं दी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी रोजाना ऑटो रिक्शा से होटल से बाहर निकलते थे और कथित तौर पर इलाके की रेकी करते थे। होटल प्रबंधन को उनकी गतिविधियों पर संदेह नहीं हुआ। 19 तारीख को पुलिस के होटल पहुंचने के बाद मैनेजर को मामले की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कमरा नंबर 201 को बंद कर दिया और फोरेंसिक टीम ने वहां पहुंचकर जांच की। टीम ने कथित तौर पर कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं, जिनका परीक्षण किया जा रहा है।
अंकित की भूमिका और शूटर्स से संपर्क की जांच
इस मामले में हरियाणा के अंकित की भूमिका भी जांच के दायरे में है। सूत्रों के मुताबिक उस पर टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप है और वह कथित तौर पर करीब 20 दिन तक मुंबई में रहा था। वहीं, जांच में रेहान सिंह और फूल सिंह के नाम कथित शूटर्स के तौर पर सामने आए हैं। कुछ इनपुट में ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का भी जिक्र है, जिसके कथित तौर पर पीले रंग की पल्सर बाइक के साथ जुहू में आरोपियों से मिलने का दावा किया गया है।
ये भी पढ़ें: जब टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग, ठीक सामने रखी थी हनुमान चालीसा, अब मां आयशा बोलीं- बजरंगबली ने बचाया