पंजाबी सिंगर और बॉलीवुड स्टार दिलजीत दोसांझ के फैंस को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली में 30 अक्टूबर को होने वाले उनके कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह शो राजधानी के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित किया जाना था, जिसके लिए फैंस काफी उत्साहित थे। हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी। ऐसे में अब दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। फिलहाल, इस फैसले के बाद शो के आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
दिल्ली पुलिस ने खतरे से जुड़े इनपुट का दिया हवाला
बुकमायशो को भेजे गए आधिकारिक पत्र में दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय ने दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर दिल्ली' कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार करने की वजह स्पष्ट की है। पत्र के मुताबिक बुकमायशो ने 14 अक्टूबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आवेदन दिया था। पुलिस ने आवेदन की समीक्षा करने के बाद बताया कि सुरक्षा कारणों से ऐसा किया जा रहा। इसके अलावा त्योहारों का मौजूदा सीजन और अन्य महत्वपूर्ण कानून-व्यवस्था संबंधी जिम्मेदारियां भी सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से चुनौती पेश कर रही हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने में असमर्थता जताई है। इस फैसले के बाद दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट के आयोजन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच कॉन्सर्ट पर लगा ब्रेक
दिल्ली पुलिस के पत्र में स्पष्ट किया गया है कि कार्यक्रम को मंजूरी नहीं देने के पीछे सुरक्षा संबंधी चिंताएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्राथमिकता है। आगामी त्योहारों के दौरान राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में किसी बड़े संगीत कार्यक्रम के आयोजन के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण होता है। दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में फैंस के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधन एक अहम पहलू बन सकता है। हालांकि पुलिस ने पत्र में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। फिलहाल इस फैसले के बाद आयोजकों की ओर से आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर रहेगी। साथ ही 30 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के भविष्य को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
ये भी पढ़ें: '35 लाख रुपये कैश दिए या चेक से?' दलेर मेहंदी को फटकारने वाले मंत्री से भिड़े मीका सिंह, सुबोध उनियाल से मांगा सबूत