1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. VIDEO: रिश्वत लेते ही भागा SI, तालाब में कूदा तो विजिलेंस ने भी लगा दी छलांग; रेस्ट रूम से मिले लाखों रुपये

VIDEO: रिश्वत लेते ही भागा SI, तालाब में कूदा तो विजिलेंस ने भी लगा दी छलांग; रेस्ट रूम से मिले लाखों रुपये

ओडिशा के संबलपुर में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर को विजिलेंस टीम ने पकड़ लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी तालाब में कूदकर भागने लगा।

आरोपी सब-इंस्पेक्टर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER आरोपी सब-इंस्पेक्टर

ओडिशा के संबलपुर जिले में भ्रष्टाचार का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ओडिशा विजिलेंस की टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। हालांकि, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पुलिस अधिकारी ने ऐसा कदम उठाया, जिसे देखकर विजिलेंस की टीम भी उसके पीछे तालाब में कूद गई। काफी मशक्कत के बाद टीम ने उसे पकड़ लिया।

मामले को निपटाने के बदले मांगी थी रिश्वत

आरोपी की पहचान सुजीत कुमार महांता के रूप में हुई है। वह संबलपुर जिले के महुलपाली पुलिस थाने में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। बताया गया है कि वह एक मामले की जांच कर रहा था और उसी मामले को अंतिम रूप देने के बदले शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

ओडिशा विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से उसके खिलाफ थाने में दर्ज एक मामूली मामले को निपटाने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेने के लिए आरोपी ने बुधवार शाम उसे पुलिस थाने के बाहर एक सुनसान जगह पर बुलाया था।

इस बीच, शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी विजिलेंस विभाग को दे दी थी। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए पूरी योजना बनाई और मौके पर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी SI ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए, वहां मौजूद विजिलेंस अधिकारियों को देखकर उसे शक हो गया कि वह गिरफ्त में आने वाला है। इसके बाद उसने मौके से भागने की कोशिश की।

गिरफ्तारी से बचने के लिए तालाब में लगाई छलांग

आरोपी सब-इंस्पेक्टर के भागते ही विजिलेंस की टीम ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। अधिकारियों से बचने के लिए वह सड़क से भागते हुए पास के एक तालाब में कूद गया। लेकिन विजिलेंस की टीम ने भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। टीम का एक सदस्य आरोपी को पकड़ने के लिए खुद तालाब में कूद गया और तैरते हुए उसके पास पहुंचा। आखिरकार, विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर को तालाब से पकड़ लिया। उसके पास से रिश्वत के पूरे 10 हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए और  तालाब में कूदकर गिरफ्तारी से बचने की उसकी कोशिश नाकाम हो गई।

रिश्वत लेते हुए आरोपी को पकड़ने के बाद विजिलेंस विभाग ने उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के पहलू से भी जांच शुरू की। इसी सिलसिले में आरोपी से जुड़े अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस थाने के परिसर में स्थित उसके रेस्ट रूम से 1 लाख 55 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि यह रकम कई लिफाफों में रखी गई थी। तलाशी अभियान के दौरान विजिलेंस अधिकारियों ने इसे बरामद किया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

इस बरामदगी के बाद आरोपी की संपत्ति और उसके पास मौजूद नकदी के स्रोत की भी जांच की जा रही है। इस पूरे मामले में संबलपुर विजिलेंस पुलिस स्टेशन में केस नंबर 21/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी सुजीत कुमार महांता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, विजिलेंस विभाग इस मामले की आगे जांच कर रहा है। आरोपी की संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की भी जांच की जा रही है। बीते महीनों कर्नाटक में 50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए तहसीलदार को रंगे हाथ पकड़ा गया था।

(शुभम कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें-

अचानक आया तूफान, देखते ही देखते उड़ीं घरों की छतें; आसमान में दिखा बवंडर, देखें VIDEO

हाथरस में बड़ा हदसा, घर में आग लगने से बुजुर्ग पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत

Latest Crime News