ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले के आली थाना क्षेत्र के मालापटना गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान निरंजन साहू के रूप में हुई है। आरोप है कि शराब के नशे में घर लौटने के बाद सो रहे निरंजन की उसकी पत्नी ने हत्या कर दी। पुलिस ने उसकी पत्नी मनोरमा को हिरासत में लिया है। मामले में पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस द्वारा अभी जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात निरंजन कथित तौर पर शराब पीकर घर लौटा था। इसके बाद वह सो गया। आरोप है कि इसी दौरान उसकी पत्नी मनोरमा ने उसके गले पर पैर रखकर उसकी जान ले ली। बताया जा रहा है कि इससे पहले दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। पुलिस पूछताछ में मनोरमा ने कथित तौर पर बताया कि उसका पति शराब का आदी था और नशे की हालत में घर लौटने के बाद अक्सर उसके और बच्चों के साथ मारपीट करता था। मनोरमा ने यह भी दावा किया कि वह अपने दो बच्चों की देखभाल के लिए एक होटल में बर्तन साफ करने का काम करती थी। उसके अनुसार, वह कथित घरेलू प्रताड़ना से परेशान थी। मनोरमा ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे और नाबालिग बेटी ने भी हत्या में उसकी मदद की थी। इस दावे के बाद पुलिस दोनों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
महिला ने क्या आरोप लगाया?
मनोरमा ने आरोप लगाया कि पिछले 10-15 साल से उसका पति शराब के नशे में बिना किसी वजह के उसके साथ झगड़ा और मारपीट करता था। उसने कहा कि वह सिर्फ उसे ही नहीं, बल्कि अपने बेटे और बेटी के साथ भी मारपीट करता था। मनोरमा के मुताबिक, उसकी शिकायत के बाद उसके पति को गिरफ्तार कर तीन महीने जेल में रखा गया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई।
मनोरमा ने कहा, “कल भी वह देर रात घर आया और मेरे साथ काफी झगड़ा किया। उसने मुझे बुरी तरह पीटा। मैं उससे पूरी तरह परेशान हो चुकी थी। मुझे लगा कि अगर मैं उसे मार दूंगी तो बाकी जिंदगी शांति से रह सकूंगी। इसलिए रात में जब वह सो रहा था, तब मैंने उसके गले पर पैर रखकर उसकी हत्या कर दी।” मनोरमा ने यह भी दावा किया कि उसके बेटे और बेटी ने हत्या में उसकी मदद की थी। बता दें कि इससे पहले ओडिशा के बहरामपुर से खबर आई थी कि एक गैंगस्टर ने शराब के नशे में दोस्त को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद दोस्त ने चाकू से उसका गला काट दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हत्या का यह मामला गुरुवार सुबह सामने आया। पड़ोसियों ने निरंजन का शव घर के बाहर पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर आली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल की जांच के लिए वैज्ञानिक टीम की भी मदद ली गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि निरंजन की मौत वास्तव में कैसे हुई, घटना के समय घर में क्या हुआ और इसमें परिवार के किस सदस्य की क्या भूमिका थी। मामले में घरेलू विवाद, कथित शराब की लत और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- रोहतक में लिव-इन पार्टनर के साथ युवक की हत्या, दोनों के शव नहर से बरामद, दो गिरफ्तार-VIDEO
भोजन करने गए माता-पिता, 6 साल की बच्ची से हुआ दुष्कर्म; तीर्थयात्रा पर आया था परिवार
Latest Crime News