1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. गैंगस्टर ने शराब के नशे में दोस्त को मारा थप्पड़, गुस्से में चाकू से गला रेतकर कर दी हत्या

गैंगस्टर ने शराब के नशे में दोस्त को मारा थप्पड़, गुस्से में चाकू से गला रेतकर कर दी हत्या

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 04, 2026 08:24 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 08:24 pm IST

ओडिशा के बहरामपुर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में गैंगस्टर टूना नायक ने दोस्त बिट्टू साहू को थप्पड़ मार दिया। गुस्साए साहू ने चाकू से नायक का गला काट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है।

Berhampur Murder, Gangster Murder, Odisha Crime- India TV Hindi
शराब पीने के दौरान ही पूरा विवाद हुआ था। Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL

Highlights

  • शराब पीते समय दोस्त को मारा थप्पड़, गुस्साए युवक ने चाकू से काटा गला।
  • खून से सने कपड़ों ने खोला राज, वाहन जांच के दौरान आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा।
  • मृतक पर हत्या समेत आठ आपराधिक केस, दो अन्य लोगों की भूमिका जांच में।

बहरामपुर: ओडिशा के बहरामपुर में शराब के नशे में हुआ मामूली विवाद खौफनाक हत्या में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, 28 साल के एक कुख्यात गैंगस्टर ने अपने दोस्त को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए दोस्त ने स्कूटर की डिक्की में रखा चाकू निकाला और उसका गला काट दिया। हत्या की यह वारदात शनिवार रात निमाखंडी इलाके में हुई। मृतक की पहचान टूना नायक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नायक के खिलाफ हत्या और हत्या की कोशिश समेत कम से कम 8 आपराधिक मामले दर्ज थे और वह इन मामलों में वांटेड था।

4 लोग साथ बैठकर पी रहे थे शराब

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात टूना नायक, उसके दोस्त और दो अन्य लोग निमाखंडी में एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान नायक और उसके दोस्त बिट्टू साहू के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बिट्टू साहू की उम्र भी 28 साल है और वह फास्ट फूड की दुकान चलाता है। उसे इलाके में राघब के नाम से भी जाना जाता है। बहस बढ़ने पर नायक ने साहू को थप्पड़ मार दिया। पुलिस के अनुसार, अचानक हुए इस थप्पड़ से साहू बेहद गुस्से में आ गया और उसने अपने स्कूटर की डिक्की में रखा चाकू निकाल लिया।

थप्पड़ का बदला गला रेत कर लिया

बहरामपुर के पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर ने बताया कि थप्पड़ से नाराज साहू ने चाकू से टूना नायक के गले पर वार कर दिया। गला कटने से नायक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी साहू अपने स्कूटर से वहां से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस इलाके में वाहनों की जांच कर रही थी। पुलिसकर्मियों की नजर उसके खून से सने कपड़ों पर पड़ी। शक होने पर उसे रोका गया और हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान साहू ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। 

वारदात में इस्तेमाल चाकू हुआ बरामद

वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब पीने के दौरान विवाद किस बात पर शुरू हुआ था और हत्या में आरोपी के अलावा वहां मौजूद दो अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, वारदात के समय टूना नायक और बिट्टू साहू के अलावा दो अन्य लोग भी वहां मौजूद थे। फिलहाल हत्या में उन दोनों की भूमिका सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने घटना के दौरान क्या किया और क्या उन्हें वारदात की पहले से कोई जानकारी थी।

हत्या के कई मामलों में वांछित था टूना नायक

 मामले में निमाखंडी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए। पुलिस के अनुसार, मृतक टूना नायक बहरामपुर इलाके का जाना-पहचाना अपराधी था। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों दोस्तों के बीच पहले से कोई विवाद था या थप्पड़ मारने के बाद ही बात अचानक इतनी बिगड़ गई कि साहू ने चाकू से हमला कर दिया। बता दें कि हाल ही में जम्मू से एक खबर सामने आई थी जिसमें चेहरे पर केक लगाने से नाराज बर्थडे बॉय ने दोस्त की हत्या कर दी थी। (PTI से इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 'बचपन का दोस्त ही निकला हत्यारा', कच्छ में चाय का दुकान पर बहस के बाद उतारा मौत के घाट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।