1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शाहजहांपुर में 2 साधुओं का मर्डर! शिव मंदिर में जलाई जा रही थीं लाशें, धुआं उठता देख दौड़े गांव वाले

शाहजहांपुर में 2 साधुओं का मर्डर! शिव मंदिर में जलाई जा रही थीं लाशें, धुआं उठता देख दौड़े गांव वाले

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 01, 2026 05:20 pm IST,  Updated : Oct 01, 2026 05:22 pm IST

यूपी के शाहजहांपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सूथा गांव के शिव मंदिर की देखभाल करने वाले 2 साधुओं- बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद दोनों साधुओं के शवों को आग के हवाले कर दिया।

मृतक साधुओं की फाइल...- India TV Hindi
मृतक साधुओं की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

यूपी के शाहजहांपुर में मंदिर परिसर में 2 साधुओं की हत्या कर लड़की की चिता बनाकर शव जलाने से हड़कंप मच गया। मंदिर से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो सन्न रह गए। वहां एक साधु का शव जल रहा था, जबकि दूसरे का शव जलकर कंकाल बन चुका था।

दोनों शव एक-दूसरे से करीब 10 मीटर की दूरी पर पड़े थे। आरोप है कि हत्यारों ने वारदात के साक्ष्य मिटाने की नीयत से दोनों साधुओं के शवों को आग के हवाले कर दिया। मंदिर पर कब्जे की नीयत से वारदात किए जाने का आरोप है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

मामला खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव का है। यहां गांव से करीब एक किलोमीटर दूर भोले बाबा मंदिर में गोपाल दास (70) अपने चेले बाबा बिहारी दास (60) के साथ रहते थे और पूजा-पाठ करते थे। गांव के लोगों ने बताया कि अजीजगंज मोहल्ले के रहने वाले साधु गोपाल दास कथावाचक थे। वह करीब 20 साल से मंदिर रह रहे थे, जबकि बिहारी दास हमारे ही गांव में रहने वाले थे। पहले बिहारी दास गांव के ही ठाकुर जी मंदिर में रहते थे। एक महीने पहले यह गोपाल दास के शिष्य बने। इसके बाद दोनों मंदिर में रहने लगे।

मंदिर के अंदर का मंजर देख उड़ गए होश

गुरुवार सुबह 7 बजे मंदिर से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां एक साधु का शव जल रहा था और दूसरा शव जलकर कंकाल बन चुका था। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों साधुओं की मौत हो चुकी थी। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।

10 साल से मंदिर की सेवा में थे मृतक बिहारी दास

मृतक बिहारी दास पांच भाइयों में दूसरे नंबर के थे। वे अविवाहित थे और करीब 10 साल से मंदिर में रह रहे थे। वहीं, 35 वर्षीय आरोपी सुमित शादीशुदा है। परिवार में पत्नी नीलम के अलावा दो जुड़वा बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। दोनों की उम्र 10 साल है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। इलाज चल रहा है।

मंदिर पर कब्जा करने की मंशा का आरोप

मंदिर के संरक्षक शिवकुमार सिंह की ओर से दी गई तहरीर में गांव के ही सुमित सिंह पर मंदिर में आग लगाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर में मंदिर पर कब्जा करने की मंशा का भी आरोप लगाया गया है। सुमित सिंह, बिहारी दास का भतीजा है। पुलिस ने सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। ऐसे में दोनों साधुओं की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। घटना का सही कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।

इससे पहले यूपी के पीलीभीत जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था। यहां एक साधु को जबरन शराब पिलाने की कोशिश की गई। मना करने पर उसे बेरहमी से पीटा भी गया।

(रिपोर्ट- अंकित)

यह भी पढ़ें-

मथुरा: बरसाना के राधा बल्लभ मंदिर में साधु की हत्या से सनसनी, बंधक बनाकर धारदार हथियार से किया वार

यूपी: मंदिर में नागा साधु का आतंक, पुजारी पर फरसे से हमला किया, प्राइवेट पार्ट पर भी किए वार, VIDEO वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।