ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 26 वर्षीय एक महिला ने एक अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति पर बंदूक की नोक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति महिला के घर में घुसा और उनके साथ दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, महिला ने गुरुवार को थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक, महिला अपने किराए के अपार्टमेंट में थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और उनके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उनके सामने बंदूक दिखाया था। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज की गई और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस महिला के बयान और घटनास्थल से जुड़ी अन्य जानकारियों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है।
पहली मंजिल पर रहते हैं मकान मालिक
बताया जा रहा है कि महिला अपनी बड़ी बहन के साथ रहती है। जिस समय यह घटना हुई, उस समय उनकी बहन घर पर मौजूद नहीं थी। मकान मालिक पहली मंजिल पर रहते हैं। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। पुलिस अब महिला के बयान के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वास्तव में क्या हुआ था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि महिला जिस व्यक्ति को अज्ञात बता रही है, क्या आरोपी की उनकी पहले किसी तरह की जान-पहचान थी। बता दें कि हाल ही में कर्नाटक के चिक्कबल्लापुरा जिले में भी स्कूल में छात्रा से यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है। इस मामले में आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
संदिग्ध व्यक्ति हिरासत में
इस मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस की जांच अभी जारी है और संदिग्ध की भूमिका को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारी महिला के बयान, घटनास्थल और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रहे हैं। इस्तेमाल की गई बंदूक असली थी या खिलौना, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- प्रेमिका के घर मिलने गया था युवक, परिजनों ने हत्या कर आंगन में ही पेट्रोल से जला दिया शव