A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पहाड़गंज के होटल में मिली महिला की लाश, केस में यूं आया चौंकाने वाला मोड़

पहाड़गंज के होटल में मिली महिला की लाश, केस में यूं आया चौंकाने वाला मोड़

दिल्ली के पहाड़गंज के न्यू विक्टोरिया होटल में कीर्ति शर्मा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपी पति गोपाल शर्मा ने अपराध कबूल कर मथुरा में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर केस की जांच शुरू कर दी है।

Paharganj hotel murder, Delhi woman killed, husband strangled wife- India TV Hindi
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL होटल के कमरे में महिला की लाश देखकर सभी चौंक गए।

नई दिल्ली: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में स्थित न्यू विक्टोरिया होटल में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने सभी को चौंका दिया। यहां एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई, और इस जघन्य अपराध का आरोपी उसका पति निकला, जो अब पुलिस की गिरफ्त में है। होटल मैनेजर प्रेम कुमार ने बताया कि बीती रात करीब 2:45 बजे उत्तर प्रदेश के मथुरा हाईवे पुलिस स्टेशन से एक फोन आया, जिसमें न्यू विक्टोरिया होटल के एक कमरे की जांच करने का निर्देश दिया गया। मैनेजर ने तुरंत कमरे का दरवाजा खोला, जहां बिस्तर पर एक महिला का शव पड़ा हुआ था। इस भयावह दृश्य को देखकर उन्होंने तत्काल पहाड़गंज पुलिस को सूचित किया।

20 जून की शाम किया था चेक-इन

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक महिला का नाम कीर्ति शर्मा था, जो उत्तराखंड के रुद्रपुर की रहने वाली थी। कीर्ति ने अपने पति गोपाल शर्मा, जो उत्तर प्रदेश के मथुरा के सराया आजमाबाद का निवासी है, के साथ 20 जून की शाम को न्यू विक्टोरिया होटल में चेक-इन किया था। दोनों ने होटल रजिस्टर में पति-पत्नी के रूप में अपनी पहचान दर्ज की थी। पुलिस के मुताबिक, चेक-इन करने के बाद गोपाल शर्मा रात करीब 9 बजे खाना लाने के बहाने होटल से बाहर निकला, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। इस बीच, उसने अपनी पत्नी कीर्ति की गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

केस में यूं सामने आया चौंकाने वाला मोड़

घटना का सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब गोपाल शर्मा ने मथुरा पहुंचने के बाद स्वयं आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करके अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की है। मथुरा हाईवे पुलिस स्टेशन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोपाल को गिरफ्तार कर लिया और उसे पहाड़गंज पुलिस के हवाले कर दिया। पहाड़गंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के बाकी तथ्य सामने लाने का प्रयास कर रही है।

Latest Crime News