1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. सिर काटकर फ्रिज में रखा, फर्श पर मिला धड़; पत्नी की हत्या कर पति ने किया सरेंडर, कुछ महीने पहले हुई थी शादी

सिर काटकर फ्रिज में रखा, फर्श पर मिला धड़; पत्नी की हत्या कर पति ने किया सरेंडर, कुछ महीने पहले हुई थी शादी

असम में एक शख्स ने पत्नी की हत्या कर दी। पत्नी का सिर फ्रिज से बरामद किया गया, जबकि उसका धड़ फर्श पर मिला। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सरेंडर कर दिया है और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

फ्रिज के अंदर मिला पत्नी का सिर।- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE फ्रिज के अंदर मिला पत्नी का सिर।

गुवाहाटी के बेल्टोला इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मकान से महिला का आंशिक रूप से सड़ा-गला शव बरामद किया गया है। महिला का सिर कटा हुआ था और धड़ अलग था। महिला का सिर प्लास्टिक की थैली में लिपटा हुआ रेफ्रिजरेटर से बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मृतक महिला के पति रामानुज गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया और अपनी पत्नी के कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को लेकर गुस्से में आकर उसकी हत्या करने की बात कबूल कर ली। जानकारी के मुताबिक पीड़िता रिया तालुकदार एक बुटीक में काम करती थी, जबकि उसका पति कैब ड्राइवर है।

फ्रिज में रखा था कटा हुआ सिर

पुलिस ने बताया, "हमें इस कपल के परिवार वालों से जानकारी मिली कि वे पिछले दो दिनों से उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद, हाटीगांव पुलिस स्टेशन की एक टीम उनके फ्लैट पर गई। घर का दरवाजा खुला था और पत्नी का शव फर्श पर पड़ा मिला, जिसका सिर कटा हुआ था।" उन्होंने आगे बताया कि कटा हुआ सिर बाद में फ्रिज के अंदर एक पॉलीथीन बैग में रखा हुआ मिला। अधिकारी ने कहा, "मुख्य संदिग्ध रामानुज गोस्वामी ने सरेंडर कर दिया है और अपराध कबूल कर लिया है। उसने दावा किया कि 3 सितंबर को उनके बीच झगड़ा हुआ था, जो अगले दिन तड़के तक चला। एक समय पर उसे बहुत गुस्सा आ गया और उसने पत्नी की हत्या कर दी।"

एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर की वजह से की हत्या

पुलिस ने घर से हत्या में उपयोग किया गया 'दाओ' (गंडासा) बरामद कर लिया है। रामानुज गोस्वामी ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर चल रहा था, जिसके कारण उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे। उनकी शादी को एक साल से भी कम समय हुआ था। रामानुज गोस्वामी धुबरी जिले का रहने वाला था, जबकि उसकी पत्नी रिया तालुकदार गुवाहाटी की रहने वाली थी। दोनों रामानुज गोस्वामी के परिवार की जमीन पर बने एक फ्लैट में रहते थे। पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम पति के दावों की सच्चाई की जांच कर रहे हैं। अभी विस्तृत पूछताछ होनी बाकी है। हम अपराध की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। पूरी जांच के बाद ही आगे की जानकारी दी जा सकेगी।" (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

इंस्टाग्राम पर चैटिंग के शक में पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला, चार महीने पहले हुई थी लव मैरिज

Latest Crime News