1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पत्नी की हत्या कर करंट लगने का बनाया बहाना, 6 साल की बेटी ने खोला राज; पति गिरफ्तार

पत्नी की हत्या कर करंट लगने का बनाया बहाना, 6 साल की बेटी ने खोला राज; पति गिरफ्तार

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 11, 2026 08:53 pm IST,  Updated : Aug 11, 2026 11:23 pm IST

कानपुर में एक शख्स को पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पति ने महिला की मौत करंट लगने से बताकर शव को दफना दिया था। छह साल की बच्ची के बयान के बाद शव को कब्र से बाहर निकाला गया है और पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार। Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: बेकनगंज थाना क्षेत्र में महिला की करंट लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच के मुताबिक, महिला की मौत हादसे में नहीं, बल्कि कथित तौर पर हत्या के चलते हुई थी। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर खराब पड़े फ्रिज में बिजली का कनेक्शन चालू कर उसे फ्रिज की ओर धक्का दे दिया। करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई।

घटना के बाद पति द्वारा इस मौत को हादसा साबित करने की कोशिश की गई और महिला के शव का बिना पोस्टमार्टम कराए बिना ही कब्र में दफना दिया गया। हालांकि, करीब दो दिन बाद मृतका की छह साल की बेटी ने परिजनों को घटना से जुड़ी अहम जानकारी दी। बच्ची के बयान के बाद मायके पक्ष को महिला की मौत पर संदेह हुआ और पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने परिजनों के आरोपों के आधार पर कोर्ट के आदेश लेकर कब्र से 3 जून को करीब घटना के 8 दिन के बाद ही शव को निकलवाकर उसका पोस्टमार्टम कराया साथ ही विसरा सुरक्षित किया गया और मामले की दोबारा जांच शुरू की।

बकरीद से एक दिन पहले हुई थी महिला की मौत

जानकारी के अनुसार, आलम मार्केट निवासी 40 वर्षीय निशा कौसर की शादी वर्ष 2007 में रिजवी रोड निवासी सिलाई कारीगर इंतजार अहमद से हुई थी। मृतका के भाई आमिर के मुताबिक, दंपती के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और पति पर निशा के साथ मारपीट करने के आरोप भी लगते रहे थे। घटना 27 मई की शाम की बताई जा रही है। बकरीद से एक दिन पहले निशा का भाई उसे खरीदारी कराने के बाद उसके ससुराल छोड़कर गया था। उस समय घर में निशा और उसकी छह साल की बेटी अरबिया मौजूद थीं। कुछ देर बाद परिवार को सूचना दी गई कि निशा को करंट लग गया है और उसकी मौत हो गई है।

हादसा मानकर दफना दिया गया था शव

शुरुआत में परिजनों ने घटना को बिजली का हादसा माना। इसी वजह से महिला के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और उसे कर्नलगंज कब्रिस्तान में दफना दिया गया। करीब दो दिन बाद छह साल की अरबिया ने परिजनों को बताया कि उसके पिता ने घटना से पहले उसकी मां के साथ मारपीट की थी। बच्ची की बात सुनने के बाद परिवार को महिला की मौत पर शक हुआ। मायके पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर मामले की जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट के संज्ञान में लाकर शव को कब्र से निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया। साथ ही घटनास्थल और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू की गई।

खराब फ्रिज को हत्या का जरिया बनाने का आरोप

बेकनगंज थाना प्रभारी मतीन खान के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया कि घर में रखा फ्रिज खराब था। पुलिस का आरोप है कि पति ने इसी फ्रिज में बिजली का कनेक्शन चालू किया और पत्नी को उसकी ओर धक्का दे दिया। करंट लगने के बाद महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई, ताकि किसी को हत्या का शक न हो। हालांकि, बच्ची के बयान और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले को हत्या की दिशा में आगे बढ़ाया।

2017 के मुकदमे को लेकर भी था विवाद

पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद का एक पुराना मामला भी सामने आया है। वर्ष 2017 में आरोपी पति के खिलाफ पत्नी से मारपीट के आरोप में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस का कहना है कि हाल ही में इसी पुराने मुकदमे में आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था और उसे जेल भी जाना पड़ा था। पुलिस इस पुराने विवाद को भी हत्या की कथित साजिश की एक अहम कड़ी मानकर जांच कर रही है।

बेटी को साथ ले जाने की कोशिश का दावा

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी अपनी छह साल की बेटी को भी अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बच्ची के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले और बाद में आरोपी की गतिविधियां क्या थीं और कथित तौर पर घटना को हादसा दिखाने के लिए क्या-क्या किया गया।

बच्ची के बयान से बदली जांच की दिशा

जिस मौत को शुरुआत में एक हादसा मानकर महिला को दफना दिया गया था, छह साल की बच्ची के बयान के बाद उसी मामले की जांच का रुख बदल गया। कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया और पुलिस ने मामले में हत्या के आरोपों की जांच शुरू की, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

स्कूल बस ने ई-रिक्शा में मारी जोरदार टक्कर, 13 घायल, एक की मौत; सामने आया CCTV फुटेज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।