बदायूं: यूपी के बदायूं जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दातागंज थाना क्षेत्र के दातागंज कस्बे में रामलीला मेला में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि खिलौने लेने गए दो दोस्तों का दुकानदार से विवाद हो गया। इसके बाद के बाद दुकानदार के बेटे ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों युवकों की मौत हो गई है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके फरार बेटे की तलाश की जा रही है।
खिलौना लेने को लेकर हुआ विवाद
दरअसल, बदायूं स्थित दातागंज के रामलीला मेला में शनिवार रात करीब आठ बजे खिलौने की दुकान पर खिलौना खरीदने के दौरान दो दोस्तों की दुकानदार से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार के बेटे ने चाकू से दोनों पर हमला कर दिया। दुकानदार के बेटे द्वारा किए गए हमले में ग्राम बेहटा माधौ निवासी रितिक और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी ने ताबड़तोड़ चाकू से कई बार हमला कर दोनों को छलनी कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में रोहित की मौके पर मौत हो गई, जबकि रितिक की बरेली ले जाते समय मौत हो गई।
आरोपी दुकानदार गिरफ्तार
वहीं इस घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। कुछ ही देर में मेला परिसर में सन्नाटा पसर गया। रामलीला के दौरान हुई इस वारदात से दातागंज पुलिस में खलबली मच गई। सूचना पाकर पुलिस की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका बेटा मौके से फरार हो गया है। फिलहाल पुलिस की टीम आरोपी बेटे की तलाश में जुटी हुई है।
दूसरा आरोपी फरार
पुलिस ने आरोपी दुकानदार को कड़ी सुरक्षा के बीच कोतवाली पहुंचाया। वहीं मृतक रितिक दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया के गांव के ही फुफेरे भाई मुकेश का पुत्र था। रितिक, मुकेश का इकलौता बेटा था। वह एसडीएम कार्यालय में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत था। इधर, एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह आदि पुलिस अफसरों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। (इनपुट- सौरभ शर्मा)
यह भी पढ़ें-