1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'अब्दुल एक दिन यूपी का सीएम और देश का पीएम भी बनेगा', AIMIM के वारिस पठान का बयान

'अब्दुल एक दिन यूपी का सीएम और देश का पीएम भी बनेगा', AIMIM के वारिस पठान का बयान

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Nov 08, 2026 02:58 pm IST,  Updated : Nov 08, 2026 03:05 pm IST

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम राजनीतिक नेतृत्व को लेकर AIMIM ने अपनी सियासी रणनीति के संकेत दिए हैं। पार्टी नेता वारिस पठान ने कहा कि मुसलमान अब केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहेंगे, बल्कि खुद चुनाव जीतकर विधानसभा और सत्ता तक पहुंचेंगे।

Waris Pathan- India TV Hindi
वारिस पठान Image Source : ANI

मुंबई: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में अब ज्यादा दिन बाकी नहीं रह गए हैं। वहीं इस चुनाव से पहले मुस्लिम राजनीतिक नेतृत्व को लेकर सियासत तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता वारिस पठान ने कहा है कि अब्दुल अब एक दिन यूपी का सीएम भी बनेगा और देश का पीएम भी बनेगा। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से केवल वोट बैंक बनकर न रहने और राजनीतिक नेतृत्व की भूमिका में आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक दिन 'अब्दुल' उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि देश का प्रधानमंत्री भी बन सकता है। उन्होंने अमेरिका के मिशिगन में अब्दुल एल-सैयद की चुनावी जीत का उदाहरण देते हुए यह बात कही।

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में वारिस पठान ने कहा कि अब मुसलमान केवल दूसरों को जिताने के लिए वोट नहीं करेंगे, बल्कि खुद चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा, 'अब्दुल जीत गया है। वह विधानसभा जाएगा और मुसलमानों तथा गरीबों की आवाज बनेगा। वह न्याय के लिए लड़ेगा। एक दिन अब्दुल यूपी का मुख्यमंत्री और भारत का प्रधानमंत्री भी बनेगा।'

'अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा'

वारिस पठान ने आगे कहा कि पहले मुसलमानों को लेकर 'अब्दुल पंचर बनाता है' जैसे तंज कसे जाते थे, लेकिन अब वही अब्दुल राजनीतिक पदों पर पहुंचेगा और चुनाव जीतेगा। उन्होंने मिशिगन में अब्दुल एल-सैयद की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मुस्लिम समुदाय को राजनीतिक भागीदारी में आगे आना चाहिए।

इससे पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी बीजेपी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुसलमान अब केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहेंगे, बल्कि नेता और जनप्रतिनिधि बनेंगे।  पठान ने कहा कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा। 

कांग्रेस और सपा पर भी साधा निशाना

वारिस पठान ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम समुदाय का इस्तेमाल केवल चुनावी वोटों के लिए करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने मुसलमानों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति सुधारने के लिए पर्याप्त काम नहीं किया। महमूद रहमान कमेटी और रंगनाथ मिश्रा आयोग की रिपोर्ट का उन्होंने हवाला दिया और मुस्लिम समुदाय के पिछड़ेपन का मुद्दा भी उठाया।

वारिस पठान ने उत्तर प्रदेश में मदरसों पर बुलडोजर कार्रवाई और आजम खान की गिरफ्तारी का उल्लेख किया और विपक्षी दलों से यह सवाल किया कि मुश्किल वक्त में वे मुस्लिम समुदाय के साथ खड़े क्यों नहीं हुए।

मुस्लिम आबादी को लेकर भी दिया बयान

मुस्लिम आबादी और जनसंख्या वृद्धि की बहस पर वारिस पठान ने दावा किया कि समुदाय की कुल प्रजनन दर (TFR) लगातार घट रही है। उन्होंने 1992-93 में 4.4, 2015-16 में 2.6 और 2021 में 2.3का आंकड़ा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता मुस्लिम समुदाय को लेकर गलत धारणाएं फैलाते हैं और नफरत की राजनीति करते हैं।

इससे पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी इंडिया टीवी से एक्सक्लूसिव बातचीत में इस तरह का बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि बीजेपी  और योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने से रोकने के लिए सभी विपक्षी दलों को साथ आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सपा और कांग्रेस साथ नहीं आना चाहतीं तो यह उनकी मर्जी है, लेकिन मुस्लिमों को अब अपनी राजनीतिक संपत्ति समझने की राजनीति बंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा बल्कि अपना राजनीतिक हक लेगा।

ये भी पढ़ें:

अमेरिका में अब्दुल की जीत से गदगद ओवैसी, बोले- "यूपी की बारी, अब दरी नहीं बिछाएंगे"

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।