1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. चोरी की गाड़ी से चोरी! डिजिटल लॉक तोड़कर चोरों ने पार कर दी ब्लैक स्कॉर्पियो, नेपाल सीमा से हुई बरामद

चोरी की गाड़ी से चोरी! डिजिटल लॉक तोड़कर चोरों ने पार कर दी ब्लैक स्कॉर्पियो, नेपाल सीमा से हुई बरामद

 Written By: Amar Deep
 Published : Nov 08, 2026 12:08 pm IST,  Updated : Nov 08, 2026 12:08 pm IST

झारखंड के गिरिडीह में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो नवंबर की रात चोरी हुई ब्लैक स्कॉर्पियो को पुलिस ने बिहार में नेपाल बॉर्डर से बरामद किया है। हैरानी की बात ये है कि चोरों ने इस ब्लैक स्कॉर्पियो को चुराने के लिए भी चोरी की गाड़ी का इस्तेमाल किया था।

पुलिस ने बरामद की चोरी की स्कॉर्पियो।- India TV Hindi
पुलिस ने बरामद की चोरी की स्कॉर्पियो। Image Source : REPORTER INPUT

गिरिडीह: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह से चोरी हुई काले रंग की स्कॉर्पियो को पुलिस ने बिहार के पूर्वी चंपारण के नारायण टोला से बरामद किया है, जो नेपाल सीमा के निकट है। घटना ने झारखंड-बिहार में सक्रिय वाहन तस्करी के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह टोला कुसमाटांड़ निवासी व्यक्ति की काले रंग की स्कॉर्पियो को 2 नवंबर की देर रात घर के सामने से चोर ले गए थे। इसके बाद पीड़िता ने पचंबा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरों के रूट को ट्रैक किया। इसके बाद जांच में सामने आया कि अपराधी पहले जमुई और फिर लखीसराय के रास्ते बिहार में दाखिल हुए, जहां से वे नेपाल सीमा की ओर बढ़ रहे थे।

नेपाल बॉर्डर पर मिली स्कॉर्पियो

एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय-2 आर.के. राणा की देखरेख में विशेष टीम गठित की गई। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के झरोखर थाना क्षेत्र के नारायण टोला पहुंची, जो नेपाल सीमा के निकट है। छापेमारी के दौरान अपराधी गाड़ी छोड़कर सीमा की ओर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने स्कॉर्पियो को सकुशल बरामद कर लिया। चार दिन के भीतर वाहन बरामद होने की पुष्टि अलग रिपोर्ट में भी हुई है।

चोरी की गाड़ी से आए थे चोर

सीसीटीवी फुटेज में चोर एक सफेद टाटा नेक्सन में पहुंचे थे। जांच में खुलासा हुआ कि यह नेक्सन भी चोरी की गई थी और उसे कुछ समय पहले देवघर से चुराया गया था। यानी चोरी के लिए भी चोरी की गई गाड़ी इस्तेमाल हुई। पुलिस को संकेत मिले हैं कि इसी तरह की चोरियां झारखंड के दुमका, हजारीबाग और बिहार के औरंगाबाद व मुजफ्फरपुर में भी हुई हैं। पुलिस का मानना है कि गिरोह S-11 जैसी महंगी गाड़ियों को चुराकर नेपाल तक पहुंचाने की तैयारी में सक्रिय है, क्योंकि वहां इन वाहनों की मांग अधिक है।

बड़े नेटवर्क के शामिल होने की आशंका

गिरिडीह में चोरी हुई स्कॉर्पियो को नेपाल सीमा के पास से बरामद करना पुलिस की बड़ी सफलता है, लेकिन असली चुनौती अभी बाकी है। पुलिस की जांच अब इस बात पर टिकी है कि चोरों का नेटवर्क कितना बड़ा है, किन-किन जिलों में इसके लिंक हैं और चोरी की गाड़ियां सीमा पार कैसे पहुंचती हैं। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक इस नेटवर्क के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आ सकती है। ऐसे में पुलिस आरोपियों के तलाश में जुटी हुई है। (इनपुट- कुंदन सिंह)

यह भी पढ़ें-

जाजपुर में भयंकर अग्निकांड! एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, दो मासूम बच्चे भी शामिल; एक की हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।