1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. स्कूल बस ने ई-रिक्शा में मारी जोरदार टक्कर, 13 घायल, एक की मौत; सामने आया CCTV फुटेज

स्कूल बस ने ई-रिक्शा में मारी जोरदार टक्कर, 13 घायल, एक की मौत; सामने आया CCTV फुटेज

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 11, 2026 08:15 pm IST,  Updated : Aug 11, 2026 08:15 pm IST

यूपी के देवरिया जिले में एक स्कूल बस ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

स्कूल बस ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर।- India TV Hindi
स्कूल बस ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर। Image Source : REPORTER INPUT

देवरिया: यूपी के देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मंगलवार सुबह गौरीबाजार-हाटा मार्ग पर रामपुर गांव के पास एक स्कूल बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक एसबीटी पब्लिक स्कूल के बस का आगे की तरफ का बायां टायर अचानक फट गया। जबकि प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बस काफी तेज थी और अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक अकबर अली की मौके पर ही मौत हो गई।

13 लोग घायल

जानकारी के मुताबिक बस स्कूल के शिक्षकों को उनके निर्धारित स्थानों से लेकर विद्यालय की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में सवार 09 शिक्षक-शिक्षिकाओं और ई-रिक्शा में सवार 04 बच्चों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक ई-रिक्शा चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया है।

घायलों का उपचार जारी

घायलों का हाल जानने के लिए क्षेत्राधिकारी सलेमपुर अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ई-रिक्शा चालक के पिता मुकादिर ने कहा कि हमारा बच्चा एकमात्र कमाने वाला था। हमें न्याय चाहिए। उन्होंने 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने बहू को स्कूल में नौकरी दिए जाने की मांग की। वहीं बच्ची को पढ़ाने और उसकी शादी की व्यवस्था किए जाने की भी मांग उन्होंने की।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

मामले की जानकारी देते हुए रूद्रपुर के सीओ सतेंद्र कुमार राय ने कहा, "थाना गौरीबाजार क्षेत्र के अन्तर्गत विशुनपुरा हाटा रोड पर समय लगभग 08.20 बजे एसबीटी पब्लिक स्कूल की बस शिक्षकगणों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस के आगे के बाईं तरफ का टायर अचानक फट जाने से अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ई-रिक्शा में टकरा गई, जिसके कारण ई-रिक्शा चालक अकबर अली पुत्र मुकादीर अली को गम्भीर चोट लगी, जिसकी मृत्यु हो गई। ई-रिक्शा में सवार एसबीटी स्कूल के बच्चे एवं बस में बैठ शिक्षकगण को चोटें आई हैं, जिनका उपचार चल रहा है। उक्त प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शान्ति व्यस्था कायम है।" (इनपुट- विनोद कुमार द्विवेदी)

यह भी पढ़ें-

ज्वेलरी शॉप में एक साथ घुस आए कई चोर, 30 लाख से ज्यादा के गहने लेकर हुए फरार; CCTV फुटेज आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।