1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार महिला को मारी जोरदार टक्कर, काफी दूर तक घसीटा, CCTV फुटेज आया सामने

स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार महिला को मारी जोरदार टक्कर, काफी दूर तक घसीटा, CCTV फुटेज आया सामने

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 07, 2026 10:47 pm IST,  Updated : Aug 07, 2026 10:47 pm IST

कटक में स्कॉर्पियो ने स्कूटी से जा रही महिला को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद भी स्कॉर्पियो सवार उसे दूर तक घसीटता ले गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर।- India TV Hindi
स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर। Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के कटक जिले के सालेपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली हिट-एंड-रन की घटना सामने आई है। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने एक महिला बैंक कर्मचारी की स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिरने के बाद काफी दूर तक वाहन के साथ घिसटती चली गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया है। घायल महिला की पहचान सस्मिता बेहरा के रूप में हुई है। वह सालेपुर स्थित इंडसइंड बैंक की शाखा में कार्यरत है और मूल रूप से ओडिशा के बालेश्वर जिले की रहने वाली है।

स्कॉर्पियो ने पीछे से मारी टक्कर

यह हादसा सालेपुर के चंद्रदेईपुर स्कूल के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि सस्मिता अपनी स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के बाद मुख्य सड़क पर निकल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सस्मिता सड़क पर गिर गई और स्कॉर्पियो उन्हें काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सस्मिता को वाहन से अलग कर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

महिला की हालत गंभीर

घायल महिला को पहले सालेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

इस मामले में एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि वाहन के बारे में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को मिल चुकी है। पीड़िता के पति की शिकायत के आधार पर दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। फिलहाल पुलिस फरार चालक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में कब तक होगी बारिश? मौसम विभाग ने बताया देशभर का हाल; जगह-जगह लगा जाम, जानें स्कूलों का हाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत