1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बीबी और प्रेमी ने तेजाब पिलाकर मार डाला पति, इस आरोप ने फैलाई दहशत! जांच में जुटी पुलिस

बीबी और प्रेमी ने तेजाब पिलाकर मार डाला पति, इस आरोप ने फैलाई दहशत! जांच में जुटी पुलिस

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Aug 09, 2026 10:11 pm IST,  Updated : Aug 09, 2026 10:13 pm IST

बरेली में पति की मौत के एक नए मामले ने सनसनी मचा दी है। दरअसल, बीवी और उसके प्रेमी पर आरोप लगा है कि दोनों ने मिलकर पति को तेजाब पिला दिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Bareilly Husband Death Case- India TV Hindi
बरेली में पति की हत्या का आरोप पत्नी और उसके प्रेमी पर लगा है। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

यूपी के बरेली में पति की मौत का एक मामला सामने आया है। बरेली के थाना बारादरी इलाके में इसराइल नाम के युवक की तेजाब पिलाकर कर हत्या का आरोप लगा है। मृतक के परिवार ने उसकी बीवी और मकान मालिक प्रेमी सलीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का आरोप है कि दोनों ने मिलकर इसराइल को तेजाब पिलाया। हालांकि, पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

13 साल पहले हुई थी इसराइल की शादी

ये मामला बरेली के थाना बारादरी के चक्क महमूद और जोगी नवादा इलाके का है। परिवार के मुताबिक, इसराइल की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। कुछ साल तक दोनों के बीच सब ठीक रहा, लेकिन बाद में विवाद शुरू हो गया। इसके बाद इसराइल, पत्नी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहने लगा।

आत्महत्या की कोशिश भी कर चुका था इसराइल

मृतक के परिवार का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले इसराइल को पत्नी के मकान मालिक सलीम से अवैध संबंधों की जानकारी हुई। परिवार के मुताबिक, इसराइल ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में भी देखा था। इसके बाद मियां बीवी के बीच विवाद बढ़ गया। परिजनों का कहना है कि विवाद से परेशान होकर इसराइल ने आत्महत्या की कोशिश भी की थी, लेकिन लोगों ने उसे बचा लिया।

परिजनों ने बीवी और उसके प्रेमी पर लगाए आरोप

परिवार का आरोप है कि इसके बाद भी विवाद नहीं रुका और कथित तौर पर बीवी ने अपने प्रेमी सलीम के साथ मिलकर इसराइल को तेजाब पिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस परिवार की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस

बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक ने फोन पर बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट होगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

इलाज के दौरान हो गई इसराइल की मौत

इस मामले में सीओ ने बताया कि 8 अगस्त 2026 को थाना बारादरी पर खुशलोक अस्पताल से एक डेथ मेमो प्राप्त हुआ, जिसमें यह सूचना दी गई कि एक व्यक्ति जिसका नाम इज़राइल उम्र 35 वर्ष, जो चक महमूद थाना बारादरी का रहने वाला है, इसके द्वारा तेजाब पी लिया गया है, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है।

तहरीर के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस की तरफ से मौके पर पहुंचकर पंचायतनामा की कार्रवाई की गई, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर इस प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे पहले, फतेहपुर में टीचर पत्नी की हत्या का मामला सामने आया था। पति ने कथित रूप से पानी के टब में डुबोकर पत्नी को मार डाला था।

(इनपुट- विकास साहनी)

ये भी पढ़ें- नशे में पिता ने की बेटे की हत्या, पैसे नहीं देने पर लकड़ी से हमला कर ली जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।