कालाहांडी: ओडिशा के कालाहांडी जिले के कलमपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के नुआगुड़ा गांव में एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी। आरोप है कि नशे में धुत पिता ने अपने 20 वर्षीय बेटे के सिर पर लकड़ी के टुकड़े से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद बेटे की मौत हो गई। मृतक की पहचान नुआगुड़ा गांव के आलोक रंजन गहिर के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता मानसिंह गहिर को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब के नशे में बेटे पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, आलोक रंजन के पिता मानसिंह गहिर नशा करने के लिए अपने बेटे से पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं देने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में मानसिंह ने लकड़ी के एक टुकड़े से अपने बेटे आलोक के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद आलोक की हालत बिगड़ गई। घटना के बाद परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल आलोक को आनन-फानन में इलाज के लिए कलमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने बेटे को घोषित किया मृत
आलोक की मौत की जानकारी अस्पताल की ओर से कलमपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी पिता मानसिंह गहिर को गिरफ्तार कर लिया है और घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद बेटे के सिर पर लकड़ी से वार किए जाने और उसके बाद मौत होने की जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कलमपुर थाना क्षेत्र के नुआगुड़ा गांव में हुई इस घटना से परिवार और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
फिल्म और सीरियल में काम करने का जुनून, घर से भागकर मुंबई पहुंचे दो नाबालिग, पुलिस ने किया रेस्क्यू