A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पति से झगड़े के बाद दारोगा से हुआ प्यार, सड़क किनारे बिना कपड़ों के मिली महिला की लाश; आरोपी गिरफ्तार

पति से झगड़े के बाद दारोगा से हुआ प्यार, सड़क किनारे बिना कपड़ों के मिली महिला की लाश; आरोपी गिरफ्तार

यूपी के हमीरपुर जिले में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने महोबा से एक दारोगा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दारोगा ने महिला की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया था।

आरोपी दारोगा को पुलिस ने किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी दारोगा को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

हमीरपुर: बीते दिनों हमीरपुर में एक महिला की नग्न अवस्था में लाश मिली थी। पुलिस ने इस महिला की हत्या का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस की टीम ने महोबा जिले में तैनात एक दारोगा को ही गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दारोगा का महिला के साथ प्रेम संबंध था। हालांकि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद दारोगा ने महिला पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दारोगा ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और खुद मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी दारोगा को गिरफ्तार कर लिया है। 

विवेचना के दौरान दारोगा से हुआ प्यार

दरअसल, महोबा जिले के कबरई थाना इलाके के रहने वाले राज बहादुर की बेटी किरण देवी की शादी CRPF में तैनात विनोद सिंह से हुई थी। विनोद और किरण के बीच शादी के बाद से ही बन नहीं रही थी। इसी के चलते किरण ने पति विनोद और ससुराल जनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का मुकदमा कबरई थाने में दर्ज करवाया था। इसी मुकदमे की विवेचना कबरई थाने में तैनात दारोगा अंकित यादव कर रहे थे। विवेचना के दौरान दारोगा अंकित और किरण की मुलाकातें प्यार में बदल गईं और दोनों के बीच शरीरिक रिश्ते बन गये। 

दारोगा ने ही कर दी किरण की हत्या

जानकारी के मुताबिक बीते 12 नवम्बर को अंकित अपने परिचित की कार मांग कर किरण को घूमने हमीरपुर जिले के मौदहा थाना इलाके में आया था। यहीं पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान मौका मिलते ही दारोगा ने लोहे की रॉड से हमला कर किरण की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद दारोगा ने शव को सड़क किनारे खेत में नग्न अवस्था में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने महोबा जिले मे तैनात दारोगा अंकित यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। (इनपुट- पंकज द्विवेदी)\

यह भी पढ़ें-

60 लाख का बीमा हड़पने के लिए दोस्त की हत्या, जज बोले इन पर कोई रहम नहीं होगा

दिल्ली: पंजाबी बाग में सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका का मर्डर किया, अपने सीने में भी गोली मारी

Latest Crime News