1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. प्रयागराज: तांत्रिक के कहने पर रिश्तेदार ने पीयूष की दी बलि, सिर और हाथ-पैर काटे, धड़ को साड़ी में लपेटकर नाले में फेंका

प्रयागराज: तांत्रिक के कहने पर रिश्तेदार ने पीयूष की दी बलि, सिर और हाथ-पैर काटे, धड़ को साड़ी में लपेटकर नाले में फेंका

प्रयागराज में अंधविश्वास के चलते रिश्ते में दादा लगने वाले एक शख्स ने किशोर को मार डाला। शव की पहचान 17 वर्षीय पीयूष के रूप में हुई। वह करेली स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में 11वीं का छात्र था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने तांत्रिक के कहने पर अपने रिश्तेदार के 17 वर्षीय बेटे की नृशंस हत्या कर धड़ नैनी में, जबकि सिर सैदपुर कछार में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (नगर) अभिषेक भारती ने बताया कि हत्या के आरोपी शरण सिंह को बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तांत्रिक के कहने पर उसने पीयूष की हत्या की थी।

मृतक के दादा का भाई है आरोपी

शरण सिंह, मृतक किशोर के दादा का भाई है। भारती ने बताया कि शरण सिंह के बेटे और बेटी ने 2023 और 2024 में आत्महत्या कर ली थी। शरण सिंह एक तांत्रिक के पास गया और पूछा कि उसके दोनों बच्चों ने क्यों खुदकुशी की। इस पर तांत्रिक ने कहा कि वास्तव में इस बच्चे (पीयूष) को मरना चाहिए था, लेकिन यह नहीं मरा, इसलिए तुम्हारे दोनों बच्चे मर गए। इसलिए तुम इसे मार दो। पीयूष का सिर बुधवार को करेली के सैदपुर कछार (नदी का डूब क्षेत्र) में पाया गया।

11वीं का छात्र था पीयूष

मंगलवार को पीयूष के लापता होने की FIR करेली थाना में दर्ज की गई थी और उसकी हत्या भी उसी दिन की गई। मंगलवार को ही शव का धड़ नैनी के औद्योगिक क्षेत्र में एक नाले में मिला था। सिर नहीं मिलने से शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस के मुताबिक, पीयूष करेली स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में 11वीं का छात्र था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मंगलवार को वह सुबह साढ़े आठ बजे स्कूल जाने के लिए निकला था। दोपहर तक घर नहीं आने पर मां कामिनी देवी स्कूल पहुंची तो पता चला कि पीयूष स्कूल आया ही नहीं था। इससे घबराकर उन्होंने करेली थाना में एफआईआर दर्ज कराई।

शव को नाले में फेंकते हुए महिला ने देखा

पुलिस ने बताया कि आरोपी शरण सिंह ने किशोर के सिर और हाथ पैर काट दिए और धड़ को साड़ी में लपेटकर स्कूटी से ले जाकर नैनी औद्योगिक थाना क्षेत्र के कुरिया लवायन गांव के पास एक नाले में फेंक दिया था। एक महिला ने आरोपी को शव को नाले में फेंकते हुए देख लिया था। उस ग्रामीण महिला ने आरोपी का हुलिया बताया था। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

बुजुर्ग महिला का सिर मुंडवाया, जूते चप्पले पहनाकर गांव में घुमाया, विरोध करने पर पति का मर्डर

महिला पर आई आत्मा! बाल खोलकर पति को पीट-पीटकर किया अधमरा, शराब की लत को लेकर था विवाद-VIDEO

Latest Crime News