पंजाब के न्यू अगर नगर इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 66 वर्षीय एक सेवानिवृत्त सैन्य हवलदार ने एक महिला के साथ अपने संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर अपने बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, सुरिंदर सिंह अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद एक महिला के साथ शादी करना चाहते थे। हालांकि, सिंह के बेटे गुरशरण सिंह (38) ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया था। पड़ोसियों के मुताबिक, पिता के प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
जान बचाने के लिए घर से बाहर भागा बेटा
पुलिस ने बताया कि रविवार रात इसी मुद्दे पर पिता-पुत्र के बीच फिर से बहस हुई, जो बाद में हिंसक हो गई। सुरिंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसशुदा बंदूक निकाल ली, जिसे देख गुरशरण अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागा। सुरिंदर ने गली में उसका पीछा किया और उस पर गोलियां चला दीं, जिससे गुरशरण की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इसके बाद सुरिंदर घर लौटा और किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि पिता और पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अपराध में इस्तेमाल हथियार जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। गुरशरण अविवाहित था। पुलिस ने बताया कि इंग्लैंड और कनाडा में रहने वाली गुरशरण की दो बहनों को घटना की सूचना दे दी गई है। सुरिंदर यहां एक बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था।
ये भी पढ़ें-
बांस के पेड़ पर 'लाल पोटली' में टंगा मिला बच्चे का नरकंकाल, कुछ समय पहले हुई थी मौत!
युवती के साथ हुआ गैंगरेप, घटना के बाद भी मंगेतर ने नहीं छोड़ा साथ; मंदिर में रचाई शादी
Latest Crime News