1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. बांस के पेड़ पर 'लाल पोटली' में टंगा मिला बच्चे का नरकंकाल, कुछ समय पहले हुई थी मौत!

बांस के पेड़ पर 'लाल पोटली' में टंगा मिला बच्चे का नरकंकाल, कुछ समय पहले हुई थी मौत!

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 11, 2026 11:59 am IST,  Updated : May 11, 2026 12:02 pm IST

घटना का खुलासा रविवार सुबह तब हुआ जब ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक बांस के पेड़ पर लाल रंग की पोटली टंगी देखी। जब पास जाकर देखा गया तो पोटली के भीतर छोटे बच्चे का नरकंकाल था।

लाल पोटली में नरकंकाल- India TV Hindi
लाल पोटली में नरकंकाल Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भुईमाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में एक मासूम बच्चे का नरकंकाल लाल कपड़े की पोटली में बंधा हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना को लेकर ग्रामीणों में तंत्र-मंत्र और जादू-टोने की चर्चाएं तेज हो गई हैं, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

ग्रामीण सत्य प्रकाश बैगा ने बताया कि रविवार सुबह गांव के कुछ लोगों की नजर बांस के पेड़ पर टंगी लाल रंग की पोटली पर पड़ी। पोटली संदिग्ध लगने पर जब ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो उसके भीतर छोटे बच्चे का नरकंकाल दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही पूरे गांव में भय और हड़कंप का माहौल बन गया। कुछ ही देर में मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।

कब्र से शव गायब होने की आशंका

सत्य प्रकाश बैगा के अनुसार, गांव में चर्चा है कि यह नरकंकाल संभवतः उसी मासूम बच्चे का हो सकता है, जिसकी कुछ समय पूर्व मौत हुई थी और परिजनों द्वारा गांव में ही उसे दफनाया गया था। जब ग्रामीण उस स्थान पर पहुंचे, जहां बच्चे को दफनाया गया था, वहां खुदाई के निशान और गड्ढा मिला। इसके बाद लोगों में आशंका गहरा गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने शव को कब्र से निकालकर तंत्र-मंत्र या जादू-टोने जैसी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया, ये हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही भुईमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान खम्हरिया निवासी रायभान सिंह ने पुलिस को बताया कि उक्त पोटली किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर में रख दी गई थी। परिवार को जब इसकी जानकारी हुई, तो भय के चलते उन्होंने पोटली को घर से हटाकर बांस के पेड़ पर रख दिया।

दफनस्थल पर खुदाई के निशान मिले

भुईमाड़ थाना प्रभारी डी.डी. सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दफनस्थल पर खुदाई के निशान मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और तथ्य सामने आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

(रिपोर्ट- मनोज शुक्ला)

ये भी पढ़ें-

खेलने के दौरान बच्चे पर गिरा भारी लोहे का गेट, मौत के मुंह में समाया; CCTV में कैद

शुभेंदु अधिकारी के PA चन्द्रनाथ की हत्या के मामले में बड़ा एक्शन, बिहार के बक्सर और यूपी से पकड़े गए 3 आरोपी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।